जातिगत राजनीति करने वालों का राजनीतिक वजूद खत्म हो रहा, 2027 में भाजपा फिर बनाएगी प्रचंड बहुमत की सरकार- धर्मपाल सिंह

-आरके सिंह- बरेली। उत्तर प्रदेश के दुग्ध एवं पशुधन विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर जाति एवं बिरादरी के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश की जनता ऐसी राजनीति को लगातार नकार रही है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। सिंह सोमवार को विकास भवन में आयोजित मंडल स्तरीय समीक्षा बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

Aug 10, 2026 - 19:02
 0
जातिगत राजनीति करने वालों का राजनीतिक वजूद खत्म हो रहा, 2027 में भाजपा फिर बनाएगी प्रचंड बहुमत की सरकार- धर्मपाल सिंह
बरेली में सोमवार को पत्रकारों से बात करते पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह। साथ हैं बरेली के महापौर डॉ. उमेश गौतम।

धर्मपाल सिंह ने कहा कि भाजपा जाति और धर्म के आधार पर राजनीति नहीं करती, बल्कि समाज के सभी वर्गों के हित और विकास के लिए काम करती है। उन्होंने कहा कि जो राजनीतिक दल जाति और बिरादरी के नाम पर लोगों को बांटने की कोशिश कर रहे हैं, उनका राजनीतिक वजूद धीरे-धीरे समाप्त हो रहा है। उत्तर प्रदेश की जनता ऐसी राजनीति को स्वीकार करने के बजाय विकास, सुशासन और कानून-व्यवस्था को प्राथमिकता दे रही है।

न्याय सबको, तुष्टिकरण किसी का नहीं’

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा भाजपा सरकार पर अल्पसंख्यकों की अनदेखी किए जाने के आरोप से जुड़े सवाल पर मंत्री ने कहा कि सरकार की नीति ‘न्याय सबको, तुष्टिकरण किसी का नहीं’ है। उन्होंने कहा कि कानून सभी के लिए समान है और कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

सिंह ने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने विपक्ष पर राजनीतिक लाभ के लिए जाति और समुदाय के आधार पर लोगों को बांटने का आरोप लगाया।

गोवंश संरक्षण में लापरवाही पर सख्त निर्देश

मंडल स्तरीय समीक्षा बैठक में मंत्री ने अधिकारियों को निराश्रित गोवंश के संरक्षण को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गोवंश संरक्षण के कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रदेश में गोशालाओं की संख्या बढ़ाने के साथ वहां चारा, पानी, चिकित्सा और आश्रय जैसी आवश्यक सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।

उन्होंने अधिकारियों से गोशालाओं का नियमित निरीक्षण करने और वहां संरक्षित गोवंश को पर्याप्त चारा एवं स्वच्छ पानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बीमार या घायल गोवंश को समय पर उपचार उपलब्ध कराने तथा गोशालाओं में व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी सुनिश्चित करने को भी कहा।

झारखंड में छात्रों पर कथित लाठीचार्ज पर जताई चिंता

झारखंड में छात्रों पर कथित लाठीचार्ज से संबंधित सवाल पर धर्मपाल सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों के साथ संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार किया जाना चाहिए। उन्होंने इस घटना को लेकर झारखंड सरकार से जवाब देने की मांग की।

कांग्रेस और राहुल गांधी पर भी निशाना

मंत्री ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस और उसके नेताओं का राजनीतिक प्रभाव लगातार कम हो रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में जाति या बिरादरी के नाम पर समाज को बांटने की कोशिश करने वाले किसी भी दल को जनता स्वीकार नहीं करेगी।

धर्मपाल सिंह ने दावा किया कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार की विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं और कानून-व्यवस्था से संतुष्ट है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों और कार्यों के आधार पर वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को जनता का फिर समर्थन मिलेगा और पार्टी प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।

SP_Singh AURGURU Editor