क्रिकेट मैच उद्घाटन में नारे की सियासत, राज्य मंत्री संजय गंगवार का बयान बना चर्चा का केंद्र
बरेली के फरीदपुर कस्बे में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट के उद्घाटन समारोह के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के गन्ना विकास एवं चीनी मिल राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार के एक बयान ने राजनीतिक और सामाजिक हलकों में तीखी बहस छेड़ दी है। धार्मिक नारों की तुलना से जुड़ा उनका वक्तव्य सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
-रमेश कुमार सिंह-
बरेली। भाजपा के पूर्व सह संगठन महामंत्री स्वर्गीय भवानी सिंह के जन्मदिवस के अवसर पर फरीदपुर कस्बे में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट के उद्घाटन समारोह में राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार ने अपने संबोधन की शुरुआत जय-जय श्री राम के उद्घोष से की। मंच से बोलते हुए उन्होंने कहा कि 80 प्रतिशत की आवाज 18 प्रतिशत से ज्यादा होनी चाहिए।
अपने भाषण में मंत्री गंगवार ने अन्य धर्मों के नारों का उल्लेख करते हुए कहा कि जिस ताकत से लोग ‘अल्लाह हू अकबर और नारा-ए-तकबीर कहते हैं, हमें भी उसी ताकत से ‘जय श्री राम’ और ‘जय बजरंगबली’ बोलना चाहिए।
मंत्री के इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गईं और सोशल मीडिया पर बयान के वीडियो और क्लिप्स वायरल होने लगे।
क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन राज्य मंत्री संजय गंगवार और स्थानीय विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम के दौरान मंत्री गंगवार ने गन्ना किसानों से जुड़े मुद्दों पर भी सरकार का पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि बसपा और सपा सरकारों के समय किसानों को गन्ने का भुगतान बेहद देरी से मिलता था, जबकि भाजपा सरकार में किसानों के हितों को प्राथमिकता दी जा रही है और भुगतान समय पर कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि फैक्टरी और किसानों को सीधे जोड़ा गया है, जिससे पारदर्शिता बढ़ी है। साथ ही उन्होंने कहा कि ‘खेलो इंडिया’ योजना के तहत सरकार खेलों को बढ़ावा दे रही है, जिससे युवा पीढ़ी को प्रोत्साहन मिला है।
विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री, ब्रज क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष हर्षवर्धन आर्या, अनिल प्रताप सिंह राणा, अमिताभ सिंह सहित भाजपा के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
Top of Form