बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार के विरोध में उबाल, शमसाबाद में फूंका यूनुस सरकार का पुतला
आगरा। बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों को लेकर जनपद के शमसाबाद कस्बे में हिंदू संगठनों का आक्रोश फूट पड़ा। विश्व हिंदू परिषद समेत विभिन्न हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को गांधी चौराहे पर एकत्रित होकर बांग्लादेश सरकार का पुतला फूंका और जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि बांग्लादेश में हिंदू समाज को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। हालिया घटनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वहां एक युवक की सरेआम हत्या, महिलाओं पर अत्याचार, मंदिरों पर हमले और हिंदू परिवारों को डराने-धमकाने की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन बांग्लादेश सरकार मूकदर्शक बनी हुई है।
गांधी चौराहे पर बड़ी संख्या में एकत्रित हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर बांग्लादेश सरकार के खिलाफ नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत सरकार को इस मुद्दे को मजबूती से उठाना चाहिए, ताकि बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार नहीं रुके, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यह केवल एक देश का मुद्दा नहीं, बल्कि पूरे हिंदू समाज के अस्तित्व और सम्मान से जुड़ा सवाल है।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा। पुतला दहन के बाद कार्यकर्ता शांतिपूर्वक प्रदर्शन समाप्त कर चले गए।