मथुरा के कोसीकलां क्षेत्र में गौ तस्करों का पीछा करते फरसा वाले बाबा की ट्रक की टक्कर से मौत के बाद भड़का जनाक्रोश, मथुरा-दिल्ली हाईवे पिछले साढ़े चार घंटे से जाम, पुलिस ने लाठियां चलाईं तो भीड़ ने पथराव कर दिया, संघर्ष का अखाड़ा बन गया राष्ट्रीय राजमार्ग, सीएम योगी ने लिया संज्ञान
मथुरा जिले के कोसीकलां क्षेत्र में रविवार सुबह उस वक्त हालात बिगड़ गए जब गौ तस्करों का पीछा करते संत, फरसा वाले बाबा की एक ट्रक की टक्कर से मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने मथुरा-दिल्ली हाईवे को जाम कर दिया, जिससे पुलिस और भीड़ के बीच हिंसक झड़प हो गई और पूरा इलाका तनाव के साए में आ गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फरसा वाले बाबा की मौत का संज्ञान लिया है। उन्होंने मथुरा प्रशासन से दोषियों पर सख्त एक्शन लेने को कहा है।
फरसा वाले बाबा, जिनकी मौत पर आक्रोश भड़का।

मथुरा। कोसीकलां थाना क्षेत्र के नवीपुर गांव के पास दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार तड़के करीब 4 बजे यह सनसनीखेज घटना हुई। जानकारी के अनुसार संत चंद्रशेखर उर्फ फरसा वाले बाबा को एक वाहन में गोवंश होने की सूचना मिली थी। इसके बाद वे अपने शिष्यों के साथ मौके पर पहुंचे और हरियाणा सीमा के पास एक नगालैंड नंबर के कंटेनर को रोककर जांच की। जांच के दौरान कंटेनर में साबुन, फिनाइल और शैम्पू जैसे सामान भरे पाए गए।

घटनास्थल पर मौजूद पुलिस बल।
इसी दौरान घने कोहरे के बीच पीछे से आ रहे राजस्थान नंबर के तार से भरे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाबा की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में ट्रक चालक भी घायल हुआ है और वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।
हालांकि, घटनास्थल पर मौजूद लोगों और संत के अनुयायियों का आरोप है कि बाबा गौ तस्करों का पीछा कर रहे थे और उन्हें जानबूझकर कुचल दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कोटवन चौकी क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद एक युवक को मौके से पकड़ लिया गया, जबकि तीन अन्य आरोपी फरार हो गए।
घटना की खबर फैलते ही ब्रज क्षेत्र में शोक और आक्रोश की लहर दौड़ गई। संत का पार्थिव शरीर कोसी से आँजनौख गौशाला ले जाया गया, जहां सैकड़ों की संख्या में गौ रक्षक एकत्र हो गए। इसके बाद छाता क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर समर्थकों ने शव रखकर जाम लगा दिया।
स्थिति उस समय और अधिक बिगड़ गई जब भीड़ ने पथराव और तोड़फोड़ शुरू कर दी। कई वाहनों के शीशे तोड़ दिए गए और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिसके बाद झड़प और तेज हो गई। पथराव और बल प्रयोग में कई लोग घायल हुए हैं।

हाईवे के जाम की एक और तस्वीर।
सूत्रों के मुताबिक, आगरा मंडल के डीआईजी के मौके पर पहुंचने के बावजूद स्थिति तुरंत नियंत्रण में नहीं आ सकी। उनके सामने भी पथराव की घटना हुई, जिसके बाद पुलिस ने सख्ती बढ़ाते हुए भीड़ को तितर-बितर किया। इस दौरान भगदड़ जैसे हालात बन गए।
जिलाधिकारी सीपी सिंह ने कहा है कि प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना प्रतीत होता है, लेकिन सभी पहलुओं की गहन और निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
उधर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने और हालात का जायजा लेने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने दो टूक कहा है कि अपराधी किसी भी हाल में बख्शे न जाएं और दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
फिलहाल पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और प्रशासन अलर्ट मोड में है। इस घटना ने ब्रज क्षेत्र में कानून-व्यवस्था के सामने गंभीर चुनौती खड़ी कर दी है, वहीं अब सबकी नजर जांच रिपोर्ट और आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई है।
Top of Form
Bottom of Form
घटना ऐसे समय पर हुई है जब देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मथुरा दौरे पर हैं और गोवर्धन में गिरिराज जी की परिक्रमा कर रही हैं, जिससे प्रशासन की चुनौती और बढ़ गई है।
फिलहाल पुलिस हालात पर काबू पाने की कोशिश में जुटी है और फरार गौ तस्करों की तलाश के लिए आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। सुबह सात बजे से लगाया गया जाम 11:30 बजे भी जारी था।