बरसाना में राधारानी जन्मोत्सव का उल्लास, रात भर जाग अपनी आराध्या के दर्शन करेंगे श्रद्धालु

बरसाना। बरसाना की पावन धरा पर शनिवार को अद्भुत दृश्य देखने को मिला, जब विश्वविख्यात लाडलीजी मंदिर में राधारानी जन्मोत्सव उल्लास और आस्था के सागर में डूबा दिखाई दिया। लाड़लीजी कल (31 अगस्त को) तड़के चार बजे प्रकट होंगी। राधारानी के जन्मोत्सव के मौके पर एक दिन पहले ही बरसाना के मंदिर में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। बरसाना स्थित लाड़लीजी मंदिर में आज पूरी रात जगराता होगा। तड़के जन्मोत्सव मनेगा।

Aug 30, 2025 - 21:14
 0
बरसाना में राधारानी जन्मोत्सव का उल्लास, रात भर जाग अपनी आराध्या के दर्शन करेंगे श्रद्धालु
बरसाना में राधाष्टमी के मौके पर जगमगाता श्रीराधारानी मंदिर। जन्मोत्सव से पहले जुटी भीड़ और व्यवस्थाओं की निगरानी करते डीएम और एसएसपी।

राधारानी के जन्मोत्सव के मौके पर नंदगांव से आए गोस्वामी बधाई पद गाते हैं। इस दौरान मंदिर परिसर हंसी-ठिठोली, हास्य और बधाई गायन से गूंज उठता है। दुल्हन की तरह सजे मंदिर में लाखों श्रद्धालु राधा दर्शन की आस में रातभर जागे रहे हैं।

नंदगांव से बधाई देने पहुंचेंगे गोस्वामी

राधा जन्मोत्सव की प्राचीन परंपरा के अनुसार नंदगांव से गोस्वामी, रंग-बिरंगे वस्त्र पहनकर बृषभाननंदिनी राधा को जन्म की बधाई देने पहुंचते हैं। बरसाना व नंदगांव के गोस्वामी संयुक्त रूप से बधाई पद गाते हुए और हंसी-मज़ाक करते हुए आनंद का वातावरण बना देते हैं।

देश-विदेश के लाखों भक्त कर रहे रतजगा

राधारानी के जन्मोत्सव के लिए देश-विदेश से आए लाखों श्रद्धालु बरसाना में डेरा डाले हुए हैं। अपनी आराध्या की झलक पाने को रात्रि भर मंदिर प्रांगण, सीढ़ियों और गलियों में ये श्रद्धालु डटे रहेंगे। राधाष्टमी की पूर्व संध्या पर जैसे ही पट खुले, मंदिर राधे-राधे के जयकारों से गूंज उठा। भीड़ इतनी अधिक थी कि पुलिस को सुरक्षा व्यवस्था के लिए विशेष सतर्कता बरतनी पड़ी।

आकर्षण का केंद्र बना जगमगाता लाडलीजी मंदिर

राधारानी मंदिर को रंग-बिरंगी विद्युत सजावटों से दुल्हन की तरह सजाया गया है। फूल बंगला, छप्पन भोग और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुनों ने वातावरण को भक्ति रस से सराबोर कर दिया। आज कौ सौ दौस सजनी बड़े भागन पाईये.. जैसे पदों पर श्रद्धालु थिरक उठे।

भक्तों के लिए सेवा और भंडारे

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के लिए कस्बे भर में भंडारे लगे हुए हैं। भक्तों को चाय-नाश्ता, लंच और डिनर में छप्पन प्रकार के व्यंजन परोसे जा रहे हैं। सेवा भावना इतनी गहरी थी मानो राधारानी का जन्म उन्हीं के घर हुआ हो।

बृषभानोत्सव और शोभायात्रा कल

रविवार को बृषभानोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। समाज गायन के साथ खिलौनों, टॉफियों और प्रसाद की वर्षा होगी। वहीं, शाम को राधारानी की भव्य शोभायात्रा निकलेगी, जिसमें किशोरी जी का विग्रह डोले में विराजमान होकर बैंड-बाजों की धुन पर गर्भगृह से सफेद छतरी तक लाया जाएगा।

बरसाना में चप्पे-चप्पे पर है सुरक्षा

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पूरा क्षेत्र पुलिस निगरानी में है। मंदिर परिसर और मेला स्थल पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, ताकि किसी भी अव्यवस्था की स्थिति को रोका जा सके। जिलाधिकारी और एसएसपी बरसाना में ही कैंप कर सारी व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस प्रशासन के लिए सबसे बड़ी चुनौती तब आएगी जब कल तड़के राधारानी का जन्म होगा। इस पल पर अपनी आराध्या के दर्शन के लिए हर कोई मंदिर में पहुंचना चाहता है। इस दौरान भीड़ को कंट्रोल करना बहुत चुनौती भरा काम होता है।

SP_Singh AURGURU Editor