इज्जतनगर मंडल में रेल कर्मचारियों का आर-पार का ऐलान, 25 अगस्त से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल
-आरके सिंह- बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में रेल कर्मचारियों और रेलवे प्रशासन के बीच विवाद अब आंदोलन की ओर बढ़ गया है। एनई रेलवे मेंस कांग्रेस, इज्जतनगर ने कथित कर्मचारी विरोधी नीतियों और मनमानी कार्यप्रणाली के खिलाफ 25 अगस्त से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल और विशाल धरना-प्रदर्शन शुरू करने का ऐलान किया है। आंदोलन इज्जतनगर स्थित मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) कार्यालय परिसर में सुबह नौ बजे से शुरू होगा। कर्मचारी पहले से ही हड़ताल पर हैं।
यूनियन के अनुसार, आंदोलन को लेकर रेलवे प्रशासन को पहले ही नोटिस दिया जा चुका है। संगठन का कहना है कि लंबे समय से रेल कर्मचारियों की कई समस्याएं लंबित हैं, लेकिन उनके समाधान की दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है। इसी के विरोध में अब कर्मचारियों ने आर-पार की लड़ाई का निर्णय लिया है।
मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन
एनई रेलवे मेंस कांग्रेस के मंडल मंत्री रजनीश चंद्र तिवारी ने कहा कि आंदोलन का मुख्य उद्देश्य रेल कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा करना और लंबे समय से लंबित उनकी न्यायसंगत मांगों का जल्द समाधान कराना है। उन्होंने रेलवे प्रशासन पर कर्मचारी विरोधी कार्यप्रणाली अपनाने का आरोप लगाया।
रजनीश चंद्र तिवारी ने कहा कि जब तक कर्मचारियों की जायज मांगों का समाधान नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन पूरी ताकत के साथ जारी रहेगा। यूनियन का कहना है कि धरना और भूख हड़ताल के जरिए रेलवे प्रशासन पर समस्याओं के समाधान के लिए दबाव बनाया जाएगा।
कर्मचारियों से एकजुट होने की अपील
मेंस कांग्रेस के पदाधिकारियों ने इज्जतनगर मंडल के सभी रेल कर्मचारियों से 25 अगस्त को सुबह नौ बजे डीआरएम कार्यालय परिसर में होने वाले धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है।
यूनियन ने कर्मचारियों से आंदोलन को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने का आह्वान करते हुए कहा है कि अब समय आ गया है कि सभी कर्मचारी एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए आवाज बुलंद करें। संगठन ने स्पष्ट किया है कि मांगों का समाधान होने तक आंदोलन वापस नहीं लिया जाएगा।