रेलवे का बुलडोजर एक्शन: बरेली में 150 अवैध कब्जे ध्वस्त किये गये, प्रशासन सख्त रुख

-रमेश कुमार सिंह- बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल प्रशासन ने बरेली शहर में वर्षों से रेलवे भूमि पर जमे अवैध कब्जों के खिलाफ बड़ी और निर्णायक कार्रवाई की है। बारादरी थाना क्षेत्र के ईट पजाया चौराहा इलाके में रेलवे प्रशासन का बुलडोजर गरज उठा और करीब 150 अवैध अतिक्रमणों को ध्वस्त कर दिया गया। इन अतिक्रमणों में झुग्गी-झोपड़ियों से लेकर पक्के निर्माण तक शामिल थे, जो रेलवे की बेशकीमती जमीन पर लंबे समय से काबिज थे।

Feb 4, 2026 - 19:05
 0
रेलवे का बुलडोजर एक्शन: बरेली में 150 अवैध कब्जे ध्वस्त किये गये, प्रशासन सख्त रुख

इज्जतनगर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा ने बताया कि यह कार्रवाई अचानक नहीं की गई है। रेलवे प्रशासन द्वारा अतिक्रमणकारियों को कई बार नोटिस जारी कर भूमि खाली करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन चेतावनियों के बावजूद कब्जे नहीं हटाए गए। अंततः रेलवे को मजबूर होकर बलपूर्वक कार्रवाई करनी पड़ी। उन्होंने स्पष्ट किया कि रेलवे की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। मौके पर आरपीएफ, जीआरपी और स्थानीय पुलिस की भारी तैनाती रही। सुरक्षा के कड़े घेरे में रेलवे के बुलडोजर लगातार अवैध ढांचों को गिराते रहे। अधिकारियों के अनुसार, कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी सतर्कता बरती गई और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की गुंजाइश नहीं छोड़ी गई।

बुलडोजर कार्रवाई शुरू होते ही कुछ स्थानीय लोगों ने विरोध का प्रयास किया, लेकिन प्रशासन की सख्ती और भारी पुलिस बल के सामने उनका विरोध टिक नहीं पाया। रेलवे अधिकारियों ने साफ किया कि अतिक्रमण हटने के बाद इस भूमि का उपयोग रेलवे के विकास कार्यों और भविष्य की परियोजनाओं के लिए किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी।

रेलवे प्रशासन का कहना है कि आगे भी अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और सार्वजनिक संपत्ति पर अवैध कब्जा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह कार्रवाई न सिर्फ बरेली बल्कि पूरे मंडल में एक सख्त संदेश के रूप में देखी जा रही है।

SP_Singh AURGURU Editor