बारिश ने तोड़ी उम्मीदें: केकेआर और पंजाब किंग्स के बीच मुकाबला रद्द, दोनों टीमों को मिला 1-1 प्वाइंट

  कोलकाता। ईडन गार्डन्स में खेला जा रहा कोलकाता नाइट राइडर्स और पंजाब किंग्स का हाईवोल्टेज मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया। मैदान पर तेज आंधी और लगातार बारिश के चलते मैच को रद्द करना पड़ा, जिससे दोनों टीमों को एक-एक प्वाइंट (Point) देकर संतोष करना पड़ा।

Apr 26, 2025 - 23:50
 0
बारिश ने तोड़ी उम्मीदें: केकेआर और पंजाब किंग्स के बीच मुकाबला रद्द, दोनों टीमों को मिला 1-1 प्वाइंट

पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट खोकर 201 रन बनाए थे। प्रियांश आर्या ने शानदार फॉर्म दिखाते हुए 35 गेंदों में 69 रन ठोके, जिसमें 8 चौके और 4 छक्के शामिल थे। वहीं प्रभसिमरन सिंह ने 49 गेंदों पर 6 चौके और 6 छक्कों की मदद से 83 रनों की विस्फोटक पारी खेली। दोनों ने पहले विकेट के लिए 120 रनों की शानदार साझेदारी कर पंजाब की पारी को मजबूत नींव दी।

कोलकाता नाइट राइडर्स को 202 रनों का टारगेट मिला था। जवाब में केकेआर ने एक ओवर में सात रन बना लिए थे। इसी समय आंधी और बारिश ने मैच रोक दिया। उस वक्त सुनील नरेन और रहमनुल्लाह गुरबाज क्रीज पर डटे हुए थे। पंजाब के लिए पहला ओवर मार्को यानसन ने फेंका।

कोलकाता ने गेंदबाजी में आखिरी के ओवरों में शानदार वापसी करते हुए सिर्फ 43 रन दिए। वैभव अरोड़ा ने चार ओवर में 34 रन देकर दो विकेट झटके। हालांकि बारिश के चलते डकवर्थ-लुईस के तहत मैच का निर्णय निकालने की संभावनाएं तलाशने की कोशिश हुई, लेकिन मौसम ने कोई मौका नहीं दिया।

फैंस को एक बेहतरीन मुकाबला देखने की उम्मीद थी, जो बारिश ने पूरी नहीं होने दी। अब दोनों टीमों को पॉइंट्स टेबल में एक-एक अंक से संतोष करना पड़ा।

SP_Singh AURGURU Editor