एक्टर एजाज खान पर रेप का मुकदमा दर्ज
मुबई। हाउस अरेस्ट फेम एक्टर एजाज खान की मुश्किलें बढ़ गई हैं। हाउस अरेस्ट मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद अब एजाज खान के खिलाफ मुंबई के चारकोप पुलिस स्टेशन में रेप का मामला दर्ज हुआ है। एक्ट्रेस की शिकायत पर चारकोप पुलिस ने एजाज के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया।
पीड़ित एक्ट्रेस के अनुसार एजाज खान ने अपने हाउस अरेस्ट शो में उन्हें होस्ट का रोल देने के लिए बुलाया था। जब शूट चल रहा था तभी एजाज खान ने पीड़ित को पहले प्रपोज किया और बाद में धर्म बदलकर शादी करने का वादा किया। एक्ट्रेस के घर जाकर उसकी इच्छा के विरुद्ध दुष्कर्म किया। जिसके बाद रविवार शाम पीड़ित एक्ट्रेस ने चारकोप पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज करवाया।
एजाज खान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 64, 64(2 M), 69, 74 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। एजाज खान के खिलाफ रेप का मामला दर्ज होने के बाद से एजाज खान पुलिस के संपर्क में नहीं हैं। मामला दर्ज होने के बाद मुंबई की चारकोप पुलिस ने एजाज खान को संपर्क करने की कोशिश की। वो पुलिस के सम्पर्क में नहीं हैं। एजाज खान का फोन स्विच ऑफ है। एजाज खान के घर पुलिस गई थी लेकिन एजाज खान अपने घर पर नहीं है। पुलिस तलाश कर रही हैं।
एजाज खान कुछ समय से शो हाउस अरेस्ट को लेकर विवादों में हैं। उनका हाल ही में उल्लू एप पर रियलिटी शो हाउस अरेस्ट आया था। एजाज खान इस शो के होस्ट थे। शो के एक एपिसोड में लड़कियों के कपड़े उतरवाए गए थे। इसके अलावा कुछ अश्लील सीन भी दिखाए गए थे। इसके बाद से एजाज खान विवादों में हैं। एजाज खान की खूब आलोचना हुई। वहीं शो को बैन करने की मांग उठी।
अब शो बंद हो गया है। एप से शो के सारे एपिसोड हटा लिए गए हैं। इस मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग ने उल्लू एप को असभ्य और अश्लील सामग्री दिखाने के लिए समन भेजा। उल्लू एप के सीईओ विभु अग्रवाल और एजाज खान को राष्ट्रीय महिला आयोग के सामने 9 मई को पेश होना होगा।