आईपीएल फाइनल में आरसीबी ने पंजाब किंग्स को दिया जीत के लिए 191 रन का लक्ष्य

   अहमदाबाद। इंडियन प्रीमियर लीग के खिताबी मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पंजाब किंग्स को जीत के लिए 191 रनों का लक्ष्य दिया है। 2016 के बाद पहली बार खिताबी मुकाबले तक पहुंची आरसीबी के लिए पूर्व कप्तान विराट कोहली ने सबसे अधिक 43 रनों की पारी खेली, जबकि 35 गेंदों में 3 चौके जड़े। काइल जैमीसन गेंद से तबाही मचा रहे थे कि तभी जितेश शर्मा ने उन्हें निशाना बनाया और एक ही ओवर में 3 छक्के जड़ डाले। उन्होंने 10 गेंदों में 2 चौके और 2 छक्के के दम पर 24 रन की पारी खेली, जबकि काइल जैमीसन को 4 ओवरों में 48 रन पड़े। यही वजह है कि आरसीबी 9 विकेट के नुकसान पर 190 रनों तक पहुंच सकी।

Jun 3, 2025 - 22:03
 0
आईपीएल फाइनल में आरसीबी ने पंजाब किंग्स को दिया जीत के लिए 191 रन का लक्ष्य


मैच में पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पापा बने फिल साल्ट को काइल जैमीसन ने आउट करते हुए पंजाब के फैसले को सही भी साबित किया, लेकिन इसके बाद एक के बाद एक छोटी पारियां आती रहीं और पहाड़ जैसा स्कोर पहुंच गया। साल्ट 16 रन बनाकर आउट हुए, जबकि टीम के लिए विराट कोहली ने 43, मयंक अग्रवाल ने 17 गेंदों में 24 रन बनाए, जिसमें 2 चौके और एक छक्का शामिल रहा।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आखिरी 19 रन बनाने में 4 विकेट गंवाए, जबकि आखिरी के 5 ओवरों में 58 रन बनाने में 5 विकेट गंवाए। एक वक्त 5 विकेट पर 171 रन आरसीबी का स्कोर था, जबकि पारी खत्म हुई तो 9 विकेट पर उसके नाम 190 रन थे। इस बीच जितेश शर्मा (24), रोमारियो शेफर्ड (17), क्रुणाल पंड्या (4) और भुवनेश्वर कुमार (1) आउट हुए।

पंजाब किंग्स के लिए काइल जैमीसन और अर्शदीप सिंह ने 3-3 विकेट झटके। अर्शदीप सिंह भी महंगे रहे। उन्होंने 4 ओवरों में 40 रन खर्च किए, जबकि अजमतुल्ला ने 4 ओवरों में 35 रन खर्च किए और विराट कोहली के रूप में बड़ा विकेट अपने नाम किया। विजय कुमार ने 4 ओवरों में 30 रन देकर एक विकेट और युजवेंद्र चहल ने 4 ओवरों में 37 रन देकर एक विकेट लिया