मथुरा में रिश्ते की ठुकराहट बनी मौत की वजह: भाभी की बहन शादी के लिए राजी नहीं हुई तो बौखलाए युवक ने भाभी को गला रेतकर मार डाला, फिर खुद का भी गला काटकर की जान देने की कोशिश

मथुरा। जिले के नौहझील क्षेत्र में रिश्तों की उलझन ने एक परिवार को तबाह कर दिया। शादी से इनकार की रंजिश में एक युवक ने अपनी ही भाभी की बेरहमी से हत्या कर दी और बाद में खुद भी आत्महत्या करने की कोशिश की। यह सनसनीखेज वारदात नौहझील थाना क्षेत्र के कटैलिया बागई गांव में रविवार दोपहर सामने आई, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

Feb 15, 2026 - 19:42
 0
मथुरा में रिश्ते की ठुकराहट बनी मौत की वजह: भाभी की बहन शादी के लिए राजी नहीं हुई तो बौखलाए युवक ने भाभी को गला रेतकर मार डाला, फिर खुद का भी गला काटकर की जान देने की कोशिश
मृतका करिश्मा, जिसे देवर की बौखलाहट में अपनी जान से हाथ धोना पड़ा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ज्वाला प्रसाद के दो बेटे है। कालू (25) और दीपक (23)। चार महीने पहले कालू की शादी करिश्मा से एक सामूहिक विवाह समारोह में हुई थी। उसी समारोह के दौरान करिश्मा की बहन से दीपक की शादी की बात चली थी, लेकिन लड़की ने यह रिश्ता ठुकरा दिया। परिजनों का कहना है कि इसी बात को लेकर दीपक लंबे समय से मानसिक तनाव और रंजिश में था।

रविवार को कालू अपने पिता ज्वाला प्रसाद के साथ खेत पर गया हुआ था। घर में उस समय दीपक और उसकी भाभी करिश्मा ही मौजूद थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। आरोप है कि गुस्से में आकर दीपक ने धारदार ब्लेड से करिश्मा का गला काट दिया। हत्या के बाद उसने खुद भी ब्लेड से अपना गला काटकर आत्महत्या करने का प्रयास किया।

कुछ देर बाद जब परिजन घर लौटे तो दोनों को खून से लथपथ हालत में देखकर उनके होश उड़ गए। आनन-फानन में दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान करिश्मा की मौत हो गई, जबकि दीपक की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही नौहझील थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि जांच के दौरान घर से वह ब्लेड बरामद किया गया है, जिससे हत्या की गई थी। ब्लेड पर लगे खून के निशान मिटाने की कोशिश के सबूत भी मिले हैं। साथ ही घर में रखे गद्दों को धोकर छत पर सुखाया जा रहा था, जिससे सबूत नष्ट करने की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस ने मृतका के मायके पक्ष को सूचना दे दी है। मामले में फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Top of Form

SP_Singh AURGURU Editor