आगरा में एडवांस चेक के बिना रिटेलर्स को नहीं मिलेगा सीमेंट: हॉलसेल व्यापार में बड़ा फैसला

आगरा। हॉलसेल सीमेंट व्यापार में उधारी, भुगतान में देरी और आपसी विवादों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आगरा सीमेंट हॉलसेलर्स एसोसिएशन ने बड़ा और निर्णायक कदम उठाया है। अब भविष्य में रिटेलरों को एडवांस चेक दिए बिना हॉलसेल व्यापार नहीं किया जाएगा। यह फैसला व्यापार में पारदर्शिता लाने और उधारी की समय पर वापसी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लिया गया है।

Jan 24, 2026 - 19:58
 0
आगरा में एडवांस चेक के बिना रिटेलर्स को नहीं मिलेगा सीमेंट: हॉलसेल व्यापार में बड़ा फैसला
आगरा सीमेंट हॉलसेलर्स एसोसिएशन की शनिवार को हुई बैठक में मौजूद प्रमुख पदाधिकारी।

यह अहम निर्णय विजय नगर स्थित कलेवा रेस्टोरेंट में आयोजित एसोसिएशन की साधारण सभा की बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया।

एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने कहा कि एडवांस चेक के माध्यम से व्यापार करने से हॉलसेलर और रिटेलर, दोनों के हित सुरक्षित रहेंगे। इससे भुगतान संबंधी विवादों की संभावना कम होगी और व्यापारिक रिश्तों में विश्वास बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि यह फैसला सीमेंट व्यापार को अनुशासित और व्यवस्थित बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

सचिव दिलीप अग्रवाल ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए स्थायी कार्यालय स्थापित करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि संगठन के सुचारु संचालन के लिए कार्यालय में संगठन के खर्च पर दो जिम्मेदार कर्मचारियों की नियुक्ति की जानी चाहिए, जिससे सदस्यों को समय पर सहायता और सुविधाएं मिल सकें।

कोषाध्यक्ष सचिन अग्रवाल ने सुझाव दिया कि संगठन को सक्रिय और प्रभावी बनाए रखने के लिए प्रत्येक माह नियमित बैठक आयोजित की जाए। उन्होंने कहा कि इससे संगठन से जुड़े लगभग 100 सदस्य अपनी समस्याएं और सुझाव खुलकर रख सकेंगे। इस प्रस्ताव को सदस्यों ने सर्वसम्मति से समर्थन दिया।

बैठक में एडवांस चेक के माध्यम से व्यापार करने के निर्णय का सभी सदस्यों ने स्वागत किया और इसे जल्द लागू करने पर सहमति जताई।

उपाध्यक्ष अनिल वार्ष्णेय, नितिन अग्रवाल, मुकेश गुप्ता, मयंक गोयल, गोपाल अग्रवाल, रामसेवक गोस्वामी, गिरीश चंद्र गोयल, विजित गुप्ता, मुरारी लाल गोयल, देवकीनंदन खंडेलवाल, लक्ष्मीकांत, निरुत्तम सहित बड़ी संख्या में हॉलसेल सीमेंट व्यापारी मौजूद रहे। धन्यवाद ज्ञापन संजय गुप्ता ने किया।

SP_Singh AURGURU Editor