दिल्ली-मुंबई में विरोध प्रदर्शन पर रिजिजू का बड़ा दावा,  एसआईआर प्रोटेस्ट भारत विरोधी साजिश का हिस्सा

एसआईआर के खिलाफ दिल्ली और मुंबई में हो रहे प्रदर्शनों के बीच केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि विरोध प्रदर्शनों के पीछे भारत को कमजोर करने की बड़ी साजिश है। रिजिजू ने विपक्ष पर न्यायपालिका, चुनाव आयोग समेत संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बनाने और विदेशों में भारत विरोधी नैरेटिव फैलाने का आरोप लगाया।

Oct 4, 2026 - 21:34
 0
दिल्ली-मुंबई में विरोध प्रदर्शन पर रिजिजू का बड़ा दावा,  एसआईआर प्रोटेस्ट भारत विरोधी साजिश का हिस्सा

नई दिल्ली। एसआईआर के मुद्दे पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे को लेकर विपक्ष व अन्य संगठनों का विरोध प्रदर्शन लगातार बढ़ता जा रहा है। इस बीच केंद्रीय संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि एसआईआर प्रोटेस्ट भारत विरोधी साजिश का हिस्सा है। उन्होंने कहा, यह भारत को कमजोर करने की बड़ी साजिश है।

सीएनएन न्यूज-18 को दिए गए इंटरव्यू में किरेन रिजिजू ने आरोप लगाया कि चुनावी हार से बौखलाई विपक्षी पार्टियों ने लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ टारगेटेड हमले शुरू किए हैं।

रिजिजू ने दावा किया विपक्ष ने कई खास तरह के ग्रुप बनाए हुए हैं, जिनके जरिए लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं पर हमले किए जा रहे हैं। केंद्रीय ने दावा किया कि एक ग्रुप लगातार न्यायपालिका और अलग-अलग जजों पर हमला कर रहा है, दूसरा ग्रुप भारत के चुनाव आयोग, ईडी और सीबीआई जैसी संवैधानिक संस्थाओं को टारगेट कर रहा है। जबकि तीसरा ग्रुप देश की तरक्की को रोकने के लिए विदेशों में झूठी खबरें फैला रहा है।

इंटरव्यू में किरेन रिजिजू ने कहा, इन ग्रुपों में जाने-माने चेहरे, वकील और वामपंथी विचारधारा वाले एक्टिविस्ट शामिल हैं। उन्होंने कहा, अगर सुप्रीम कोर्ट या हाई कोर्ट से देश के हित में कोई अच्छा फैसला आता है, तो वे उसे लोकतांत्रिक सिद्धांतों और न्यायपालिका की आजादी को कमजोर करने वाला बताते हैं।'

उन्होंने आगे कहा, 'उन्हें लगता है कि यह सरकार के पक्ष में है और यह देश के लिए अच्छा नहीं है। उन्होंने यह नैरेटिव बनाना शुरू कर दिया है। इसलिए वे लगातार जजों और न्यायपालिका पर हमला करते हैं। अब, इन दिनों आपने देखा होगा कि इस गिरोह ने व्यक्तिगत जजों पर भी हमला करना शुरू कर दिया है।'

केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि विपक्ष से जुड़े कुछ लोग विदेश जाकर भारत विरोधी तत्वों के साथ मिलकर देश में असंतोष फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। रिजिजू ने कहा, 'उनका एक और ग्रुप है, जो फर्जी खबरें फैलाता है और युवाओं के मन में डर और असंतोष पैदा करता है। यही लोग विदेश जाएंगे, भारत विरोधी तत्वों से मिलेंगे, उनका समर्थन हासिल करेंगे और फिर GDP के आंकड़ों पर सवाल उठाएंगे, लोकतांत्रिक सिद्धांतों पर सवाल उठाएंगे, भारत की लोकतांत्रिक सफलता की विश्वसनीयता पर सवाल उठाएंगे। इन तीन मोर्चों पर वे भारत पर हमला कर रहे हैं। यह एक बड़ी साजिश है, जिसका मकसद भारत को एक राष्ट्र के रूप में कमजोर करना है।'

किरेन रिजिजू ने कहा कि अगर आप असली वोटर हैं और आपका नाम हटा दिया गया है, तो आप अधिकारियों से जरिए सुधार के उपाय कराएंगे। लेकिन बिना किसी दस्तावेज के अचानक कोई मुद्दा खड़ा करना और भारत के चुनाव आयोग पर सवाल उठाना, पूरी तरह से विदेश में मौजूद भारत-विरोधी ताकतों के समर्थन से रची गई एक साजिश का हिस्सा है।'