रोहित ने शानदार खेल से बना दिया रिकार्ड

नई दिल्ली। आईपीएल 2025 के एलिमिनेटर मुकाबले में मुंबई इंडियंस के स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा ने शानदार पारी खेली है। उनकी इस पारी के कारण मुंबई इंडियंस की टीम ने एक विशाल स्कोर खड़ा किया है। रोहित शर्मा की पारी देख मैदान में बैठा हर कोई हैरान हो गया। उन्होंने गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेले जा रहे इस मुकाबले में सिर्फ 50 गेंदों पर 81 रन बना डाले। रोहित ने अपनी इस पारी के दौरान 9 चौके और 4 छक्के भी जड़े। रोहित शर्मा ने अपनी इस पारी के साथ ही एक महारिकॉर्ड भी बना दिया।

May 30, 2025 - 22:04
 0
 रोहित ने शानदार खेल से बना दिया रिकार्ड

 
रोहित शर्मा आईपीएल के सबसे बड़े खिलाड़ियों में से एक हैं। उनकी कप्तानी में मुंबई इंडियंस की टीम ने पांच बार आईपीएल का खिताब अपने नाम किया है। अच्छे कप्तान होने के साथ-साथ रोहित शर्मा एक शानदार बल्लेबाज भी रहे हैं। उन्होंने कई बार मुंबई इंडियंस को बड़े मैचों में जीत दिलाई है। अब रोहित शर्मा ने आईपीएल इतिहास में अपने 7000 रन पूरे कर लिए है और वह ऐसा करने वाले दुनिया के दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले विराट कोहली ऐसा करने वाले इकलौते बल्लेबाज थे। रोहित शर्मा के नाम 266 पारियों में 7038 रन दर्ज हैं

रोहित शर्मा ने भले ही आईपीएल में अपने 7000 रन पूरे कर लिए हो, लेकिन वह अभी भी विराट कोहली के काफी पीछे हैं। विराट कोहली ने आईपीएल में अब तक कुल 8618 रन बनाए हैं और वह आईपीएल में 8000 से ज्यादा रन बनाने वाले इकलौते बल्लेबाज हैं। रोहित शर्मा अभी भी विराट कोहली से कुल 1580 रन दूर हैं। रोहित शर्मा के लिए उन्हें पछाड़ पाना नामुमकिन सा नजर आ रहा है। विराट कोहली ने आईपीएल के इतिहास में कुल 8 शतक और 63 अर्धशतक भी जड़े हैं। वहीं रोहित शर्मा के नाम 2 शतक और 47 अर्धशतक जड़े हैं।