रोहित शर्मा का आईपीएल मोड ऑन, नेट्स पर गरजा बल्ला, मस्ती भी फुल ऑन
इंडियन प्रीमियर लीग 2026 से पहले भारत के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने इंस्टाग्राम पर कुछ फोटोज शेयर की हैं। वह आईपीएल से पहले नेट्स में पसीना बहाते नजर आ रहे हैं।
नई दिल्ली। जैसे-जैसे आईपीएल पास आ रहा है, फैंस में एक्साइटमेंट और भी ज्यादा बढ़ती जा रही है। 28 मार्च से आईपीएल शुरू होने वाला है। इसके लिए टीम इंडिया और मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा नेट्स में जमकर पसीना बहा रहे हैं। रोहित शर्मा ने सोशल मीडिया के चर्चित प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें शेयर की हैं, जिसमें वह आईपीएल शुरू होने से पहले प्रैक्टिस के साथ-साथ मुंबई इंडियंस के खिलाड़ियों के साथ मस्ती करते नजर आ रहे हैं। बता दें कि हिटमैन ने फोटोज शेयर करते हुए कुछ कैप्शन नहीं लिखा है।
रोहित शर्मा ने अपनी कप्तानी में मुंबई इंडियंस को पांच बार आईपीएल का चैंपियन बनाया है। 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में मुंबई इंडियंस ने रोहित की कप्तानी में आईपीएल जीता था। अब इस बार रोहित की कोशिश मुंबई को बतौर खिलाड़ी रिकॉर्ड छठी बार आईपीएल जिताने की होगी। 2024 से मुंबई इंडियंस की कप्तानी स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या कर रहे हैं। बता दें कि एमआई का पहला मुकाबला आईपीएल 2026 में 29 मार्च को कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ होने वाला है।
38 साल के रोहित शर्मा 2008 से आईपीएल खेल रहे हैं। उन्होंने अब तक 272 मुकाबले आईपीएल में खेले हैं, जिसमें उन्होंने 29.7 की औसत से बल्लेबाजी करते हुए 7046 रन बनाए हैं। रोहित का स्ट्राइक रेट आईपीएल में 132.1 का है। उन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग में अब तक 47 अर्धशतक और 2 शतक ठोके हैं।
हिटमैन का हाइएस्ट इंडिविजुअल स्कोर आईपीएल में नाबाद 109 रन है। उन्होंने कुल 640 चौके और 302 छक्के इस टूर्नामेंट में अब तक लगाए हैं। हिटमैन के नाम इंडियन प्रीमियर लीग में 15 विकेट भी हैं। वहीं रोहित मुंबई इंडियंस के अलावा आईपीएल में डेक्कन चार्जर्स के लिए भी खेल चुके हैं।