आगरा में साध्वी प्रज्ञा ठाकुर की गर्जना- सनातन पर हमला भारत की आत्मा पर चोट, हिंदू एकजुट हों

शहर में आयोजित भारत रक्षा मंच के चतुर्थ अखिल भारतीय अधिवेशन के अंतर्गत शनिवार को भारत माता की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान हुई आमसभा में पूर्व सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने कहा कि सनातन धर्म ही भारत की आत्मा है। यदि सनातन धर्म कमजोर पड़ा तो भारत भी कमजोर होगा। उन्होंने हिंदू समाज को एकजुट होने का आह्वान करते हुए धर्मांतरण और जनसंख्या असंतुलन को सबसे बड़ी चुनौती बताया।

Sep 6, 2025 - 20:29
 0
आगरा में साध्वी प्रज्ञा ठाकुर की गर्जना- सनातन पर हमला भारत की आत्मा पर चोट, हिंदू एकजुट हों
सिकंदरा स्थित सिटी ढाबा पर भारत माता की शोभायात्रा के समापन पर सभा को संबोधित करतीं पूर्व सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर।

आगरा। भारत रक्षा मंच के राष्ट्रीय अधिवेशन का दूसरा दिन राष्ट्रभक्ति और धार्मिक चेतना का मंच बन गया। शनिवार को साध्वी प्रज्ञा ठाकुर के नेतृत्व में भारत माता की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा। शोभायात्रा का उद्घाटन साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने किया और उनका स्वागत महानगर अध्यक्ष राजीव जयराम ने किया।

शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर सिकंदरा रोड स्थित सिटी ढाबा पर पहुंची, जहां आयोजित आमसभा में साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत संबोधन दिया।

साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने कहा कि सनातन धर्म भारत की आत्मा है। यदि यह कमजोर होगा तो भारत की आत्मा भी कमजोर पड़ जाएगी। हिंदू समाज को संगठित होकर सांस्कृतिक धरोहर और राष्ट्र की अस्मिता की रक्षा करनी होगी। उन्होंने कहा कि धर्मांतरण और जनसंख्या असंतुलन आज राष्ट्र के सामने सबसे बड़ी चुनौतियाँ हैं। अपने बच्चों को राष्ट्रभक्त बनाकर तैयार करना ही भारत को पुनः विश्वगुरु बना सकता है।

साध्वी ने कहा कि मंदिरों पर सरकारी नियंत्रण समाप्त होना चाहिए। श्रद्धालुओं का दान हिंदू समाज की शिक्षा, स्वास्थ्य और सांस्कृतिक विकास में लगना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि मंदिर हिंदुओं के हैं, उनका संरक्षण और संवर्धन भी हिंदू समाज ही करेगा।

सभा में उपस्थित जनसमूह ने साध्वी प्रज्ञा ठाकुर के विचारों पर जोरदार तालियों और जयघोष के साथ समर्थन व्यक्त किया। बड़ी संख्या में संत-महात्मा, समाजसेवी और नागरिक इस आयोजन के साक्षी बने। राष्ट्रभक्ति और धर्मरक्षा का यह संगम आगरा शहर की सड़कों से लेकर सभा स्थल तक गूंजता रहा।

SP_Singh AURGURU Editor