बाबा जोरावर सिंह–बाबा फतेह सिंह स्मृति अंडर-19 प्राइजमनी गोल्ड कप हॉकी टूर्नामेंट में साई लखनऊ चैंपियन, नवल टाटा अकादमी उप विजेता और सुखजीवन अकादमी ने पाया तीसरा स्थान

आगरा के एकलव्य स्टेडियम में खेले गए ऑल इंडिया साहिबजादा बाबा जोरावर सिंह–बाबा फतेह सिंह स्मृति अंडर-19 प्राइजमनी गोल्ड कप हॉकी टूर्नामेंट का खिताब साई लखनऊ ने अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में साई लखनऊ ने नवल टाटा अकादमी जमशेदपुर को कड़े संघर्ष में पराजित कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया, जबकि सुखजीवन स्पोर्ट्स अकादमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया।

Dec 25, 2025 - 21:16
 0
बाबा जोरावर सिंह–बाबा फतेह सिंह स्मृति अंडर-19 प्राइजमनी गोल्ड कप हॉकी टूर्नामेंट में साई लखनऊ चैंपियन, नवल टाटा अकादमी उप विजेता और सुखजीवन अकादमी ने पाया तीसरा स्थान
बाबा जोरावर सिंह–बाबा फतेह सिंह स्मृति अंडर-19 प्राइजमनी गोल्ड कप हॉकी टूर्नामेंट की विजेता साई लखनऊ की टीम। दूसरे चित्र में उप विजेता नवल टाटा अकादमी की टीम।

आगरा। सुखजीवन स्पोर्ट्स अकादमी एवं आगरा हॉकी मास्टर्स के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ऑल इंडिया साहिबजादा बाबा जोरावर सिंह–बाबा फतेह सिंह स्मृति अंडर-19 प्राइजमनी गोल्ड कप हॉकी टूर्नामेंट का समापन गुरुवार को एकलव्य स्टेडियम में हुआ।

दोपहर 2 बजे खेले गए फाइनल मुकाबले में साई लखनऊ और नवल टाटा अकादमी जमशेदपुर आमने-सामने थीं। मैच के शुरुआती मिनटों से ही दोनों टीमों ने आक्रामक हॉकी का प्रदर्शन किया। पहले हाफ की समाप्ति पर साई लखनऊ ने 3-1 की बढ़त बना ली। दूसरे हाफ में नवल टाटा अकादमी ने बराबरी के लिए लगातार प्रयास किए, लेकिन साई लखनऊ के मजबूत डिफेंस और सटीक आक्रमण के आगे वह सफल नहीं हो सकी। अंततः साई लखनऊ ने 7-5 से मुकाबला जीतकर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की।

साई लखनऊ की ओर से रितेश पांडे और सूरज कुमार ने 2-2 गोल किए, जबकि मनीष यादव, आकाश पाल और उज्जवल पाल ने 1-1 गोल दागा। नवल टाटा अकादमी के लिए मोहित नायक और सत्यम पांडे ने 2-2 गोल किए तथा मोहम्मद जावेद ने 1 गोल किया। शानदार प्रदर्शन के लिए रितेश पांडे को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

सुखजीवन अकादमी को मिला तीसरा स्थान

सुबह के सत्र में तीसरे स्थान के लिए सुखजीवन स्पोर्ट्स अकादमी और मेघवरन हॉकी गाजीपुर के बीच मुकाबला हुआ। घरेलू मैदान पर खेलते हुए सुखजीवन अकादमी ने पहले हाफ में 3-1 की बढ़त बनाई और दूसरे हाफ में तीन और गोल कर 6-3 से जीत दर्ज करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया। सुखजीवन अकादमी की ओर से मन्नू ने 5 गोल कर दर्शकों का दिल जीत लिया, जबकि प्रदीप ने 1 गोल किया। इस मुकाबले में निकलेश पाल को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।

सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित

टूर्नामेंट के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर नवल टाटा अकादमी के शुभम यादव को बेस्ट गोलकीपर, साई लखनऊ के रितेश पांडे को बेस्ट फारवर्ड और सुखजीवन स्पोर्ट्स अकादमी के मन्नू को बेस्ट डिफेंडर का पुरस्कार प्रदान किया गया।

विजेता, उपविजेता एवं तीसरे स्थान पर रही टीमों को मुख्य अतिथि मनोज जादौन, शिवकांत यादव, प्रकाश नारायण शर्मा, कमल चौधरी, डॉ. हरी सिंह यादव, शरद शर्मा, कर्नल गजेंद्र सिंह भदौरिया, सूर्यप्रकाश सिंह जालान, अमर सिंह, कमलजीत मान और मोहित कपूर द्वारा ट्रॉफी एवं पुरस्कार राशि प्रदान की गई। आयोजन सचिव राजीव सोई ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर अमिताभ गौतम, श्रीमती सुखजीवन सोई, धर्मेंद्र बघेल, अजय सिंह राजपूत, प्रशांत सोई, केपी सिंह यादव, बंटी यादव, ज्ञानेन्द्र यादव, अमित दीक्षित, अमन शर्मा, सन्नी उपाध्याय, हरपाल सिंह, लाला सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor