नेशनल क्रश बन चुकी हैं सैयारा की अनीत पड्डा

मुंबई। 'सैयारा' ने अनीत पड्डा को नई 'नेशनल क्रश' बना दिया है। जिसने यह फिल्म देखी है, वो अनीत पड्डा की तारीफ करते नहीं थक रहा है। 'सैयारा' में अनीत पड्डा को वाणी के रोल में देख लोग फूट-फूटकर रो रहे हैं। इसी बीच उनका एक तीन साल पुराना विज्ञापन वायरल हो रहा है। इसमें अनीत पड्डा 'मुंज्या' फेम अभय वर्मा के साथ नजर आ रही हैं। नेटिजंस यह देख हैरान हैं कि अनीत पड्डा असल में वही हैं, जो कभी 'पेटीएम गर्ल' तो कभी 'नेस्कैफे गर्ल' बनकर छा गई थीं।

Jul 23, 2025 - 20:53
 0
नेशनल क्रश बन चुकी हैं सैयारा की अनीत पड्डा


अनीत पड्डा और अभय वर्मा ने एक चॉकलेट ब्रांड का विज्ञापन साथ में किया था। इसमें दोनों एक म्यूजिक क्लास में हैं और खूब मस्ती करते नजर आ रहे हैं। इस विज्ञापन को देख फैंस ने अनीत का पेटीएम और नेस्कैफे वाला विज्ञापन भी खोज निकाला और रिएक्ट करने लगे।

एक यूजर ने एक्स पर लिखा है, 'मैं हमेशा सोचता था कि वो पेटीएम वाली क्यूट सी लड़की कहां गई। और वो तो 'सैयारा' में निकली।' एक ने लिखा, 'अभी अभी मुझे एहसास हुआ कि पुराने पेटीएम वाला जो विज्ञापन आता था, उसमें जो लड़की थी, वो अब 'सैयारा' की स्टार अनीत पड्डा है।'

एक और कमेंट है, 'तुम पेटीएम गर्ल रहीं, नेस्कैफे गर्ल रहीं और सबसे कूल ओटीटी शो किया। और अब यशराज फिल्म्स के साथ 3 फिल्मों की डील। कमाल कर दिया।'

वैसे फिल्म 'सैयारा' बतौर हीरोइन अनीत की डेब्यू फिल्म है, लेकिन इससे पहले वह साल 2022 में काजोल स्टारर 'सलाम वेंकी' में नजर आई थीं। फिर 2024 में वह वेब सीरीज 'बिग गर्ल्स डोंट क्राय' में नजर आईं। इसमें उनके साथ पूजा भट्ट और राइमा सेन भी थीं।

अनीत पड्डा एक सिंगर भी हैं और 2024 में ही अपना पहला गाना 'मासूम' रिलीज किया था। अनीत पड्डा की निजी जिंदगी की बात करें, तो वह अमृतसर के मिडल क्लास परिवार से हैं। उन्होंने कॉलेज के दिनों से ही मॉडलिंग शुरू कर दी थी।