एसबीएसआर क्रिकेट प्रीमियर लीगः आगरा रॉयल्स ने चार रनों से जीती चैम्पियन ट्रॉफी
आगरा। रोमांच, जज़्बा और जश्न का संगम बना जे.बी. स्पोर्ट्स ग्राउंड, जब आगरा रॉयल्स ने एसबीएसआर क्रिकेट प्रीमियर लीग 2025 के फाइनल में आरबीएस क्रिकेट क्लब को 4 रनों से हराकर चैम्पियन ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। आख़िरी ओवर तक खिंचे इस मुकाबले ने दर्शकों को सांसें थामने पर मजबूर कर दिया।
जेबी स्पोर्ट्स हब संस्था की ओर से आयोजित इस क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल रविवार को बमरौली कटरा स्थित जे.बी. स्पोर्ट्स ग्राउंड पर खेला गया। फाइनल मैच का शुभारंभ विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष पार्थ राणा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए आगरा रॉयल्स ने शानदार खेल दिखाया। टीम के सलामी बल्लेबाज़ अनिल धाकरे ने 46 रन और मुकुल यादव ने 40 रन की बेहतरीन पारियां खेलीं। निर्धारित 20 ओवरों में टीम ने 9 विकेट खोकर 184 रन का स्कोर खड़ा किया। गेंदबाजी में आरबीएस क्रिकेट क्लब की ओर से तेजेन्द्र सिंह ढिल्लन ने 5 विकेट और गणेश ने 2 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरबीएस क्रिकेट क्लब की टीम ने संघर्षपूर्ण खेल दिखाया, मगर 20 ओवरों में 8 विकेट पर 180 रन ही बना सकी। क्लब की ओर से तेजेन्द्र सिंह ढिल्लन (44 रन) और मुकुल तिवारी (30 रन) ने अहम योगदान दिया। आगरा रॉयल्स की ओर से ऋतिक शर्मा और राहुल यादव ने 2-2 विकेट लेकर टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया।
जीत के साथ आगरा रॉयल्स ने चैम्पियन ट्रॉफी और 51,000 रुपये की इनामी राशि अपने नाम की, जबकि उपविजेता आरबीएस क्रिकेट क्लब को 21,000 रुपये से सम्मानित किया गया। पुरस्कार वितरण मुख्य अतिथि पार्थ राणा और हरिभान सिंह राणा द्वारा किया गया।
इस अवसर पर विशेष पुरस्कार भी वितरित किए गए। मैन ऑफ द सीरीज ऋतिक शर्मा, सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज: ऋतिक शर्मा, सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज: गोपाल चाहर और बेस्ट फील्डर: राहुल तोमर रहे।