सीकरी में सड़क किनारे झाड़ियों में महिला का शव मिलने से सनसनी 

आगरा। फतेहपुरसीकरी थाना क्षेत्र में रोड किनारे झाड़ियों में एक महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतिका की शिनाख्त भरतपुर के थाना गहनौली क्षेत्र के सैदपुरा गांव की विधवा महिला के रूप में हुई है। 

Jun 13, 2025 - 14:22
 0
सीकरी में सड़क किनारे झाड़ियों में महिला का शव मिलने से सनसनी 

सीकरी के गांव दाउदपुर और सामरा गांव के बीच सड़क किनारे झाड़ियों में वहां से गुजरने वाले लोगों ने शव पड़ा देखा तो वहां सनसनी फैल गई। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। 

पुलिस ने शव के हालातों को देखकर अनुमान जताया है कि मृतिका की मौत दो-तीन दिन पहले हुई होगी। पुलिस ने घटनास्थल के पास से शराब के पौवे, पानी की बोतल और अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस ने बताया कि मृतिका का चेहरा खून से सना हुआ था। ग्रामीणों का कहना है कि पहले घटनास्थल पर शराब का सेवन किया गया होगा। उसके बाद महिला की हत्या की गई है। 

हालांकि पुलिस अभी किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है। वह घटना के हर पहलू पर जांच कर रही है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने का इंतजार है।