शाहजहांपुर का ‘किडनैपिंग अलर्ट’ निकला प्रेम प्रकरण: छह पुलिस टीमें लगीं तो लखीमपुर खीरी में बुआ के लड़के के संग मिली लड़की
शाहजहांपुर में 14 वर्षीय नाबालिग लड़की के कथित अपहरण से मची हलचल प्रेम प्रसंग का मामला निकला। परिजनों की सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस ने रात भर सर्च ऑपरेशन चलाकर छह टीमें लगाईं और बुधवार को नाबालिग को लखीमपुर खीरी से उसके बुआ के लड़के के साथ सुरक्षित बरामद कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में लड़की ने अपने प्रेम संबंध की बात स्वीकार की है।
-राजीव शर्मा-
शाहजहांपुर। शाहजहांपुर जिले में मंगलवार शाम उस समय हड़कंप मच गया जब पुवायां थानाक्षेत्र के एक गांव की 14 वर्षीय लड़की के अपहरण की सूचना परिजनों ने पुलिस को दी। परिवार ने बताया कि नाबालिग अपने गांव के पास पुवायां मार्ग पर साइकिल से जा रही थी, तभी कार सवार बदमाश अचानक आए और उसे जबरन गाड़ी में डालकर ले गए। घटना की रिपोर्ट रात में ही थाने में दर्ज कर ली गई।
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने घटना को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए तत्काल छह विशेष टीमों का गठन किया। स्वयं एसपी ने पूरे ऑपरेशन की मॉनिटरिंग की। मुख्य मार्गों, सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और संदिग्ध संपर्कों की पड़ताल के आधार पर टीमें रातभर सक्रिय रहीं।
बुधवार दोपहर पुलिस को सफलता मिली और नाबालिग लड़की को लखीमपुर खीरी क्षेत्र से बरामद कर लिया गया। वह अपनी बुआ के लड़के के साथ मिली, जो परिवार की नजरों से दूर उसे वहीं ले गया था। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में नाबालिग ने स्वीकार किया कि वह अपने बुआ के लड़के से प्रेम करती है और स्वेच्छा से उसके साथ गई थी।
पुलिस ने लड़की को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा है। आवश्यक कानूनी औपचारिकताओं के बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आगे की कार्रवाई नाबालिग के बयान और जांच के आधार पर की जाएगी।