बरेली में मानवता को शर्मसार करने वाला कृत्य, कड़ाके की ठंड में थैले में बंद मिला नवजात, पुलिस की सजगता से बच गई जान

-रमेश कुमार सिंह-  बरेली। कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के बीच इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना बरेली शहर से सामने आई है। थाना बारादरी क्षेत्र के रोहेलखंड चौकी के पास एक पीपल के पेड़ के नीचे बंद थैले में कपड़ों में लिपटा नवजात शिशु मिला। पुलिस की सतर्कता से समय रहते शिशु की जान बचा ली गई और उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Dec 21, 2025 - 21:49
 0
बरेली में मानवता को शर्मसार करने वाला कृत्य, कड़ाके की ठंड में थैले में बंद मिला नवजात, पुलिस की सजगता से बच गई जान
अस्पताल में उपचाररत नवजात।

शनिवार रात लगभग आठ बजे गश्त पर निकली पुलिस टीम को रोहेलखंड चौकी के निकट नवजात के रोने की आवाज सुनाई दी। आसपास तलाश करने पर एक पेड़ के नीचे रखा थैला मिला, जिसमें नवजात शिशु था। पुलिस टीम ने तुरंत बच्चे को बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार के लिए परमेश्वर हॉस्पिटल में भर्ती कराया।

घटना की सूचना तत्काल चाइल्ड हेल्प लाइन 1098 को दी गई। सूचना पर चाइल्ड हेल्प लाइन की सुपरवाइजर दिव्या कठेरिया एवं केस वर्कर रवि गंगवार अस्पताल पहुंचे और बच्चे के स्वास्थ्य की जानकारी ली। डॉक्टरों ने बताया कि फिलहाल नवजात की हालत स्थिर है, शरीर पर किसी प्रकार की बाहरी चोट के निशान नहीं हैं, हालांकि एहतियातन बच्चे को डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया।

थाना बारादरी के प्रभारी निरीक्षक धनंजय पांडे ने बताया कि रविवार को नवजात को विधिवत रूप से चाइल्ड लाइन को सौंप दिया गया। इसके बाद बच्चे को जिला महिला अस्पताल के एसएनसीयू वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां सुपरवाइजर मेघना शर्मा एवं कमला देवी की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है।

चाइल्ड हेल्प लाइन कोऑर्डिनेटर सोनू श्रीवास्तव ने बताया कि जिला अस्पताल में स्वास्थ्य परीक्षण पूर्ण होने के बाद मामले को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा, जहां से आगे की कानूनी और संरक्षण संबंधी कार्यवाही की जाएगी। पुलिस द्वारा नवजात को छोड़ने वाले की तलाश भी शुरू कर दी गई है।

Top of Form

Bottom of Form

SP_Singh AURGURU Editor