शिंदे का सीएम पद से इस्तीफा, फड़णवीस के मुख्यमंत्री बनने की उम्मीद

मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने आज अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इसके साथ ही उनके पूरे मंत्रीमंडल ने भी अपना इस्तीफा सौंप दिया है। महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने उन्हें अगली सरकार के गठन होने तक अपने पद पर बने रहने को कहा है।

Nov 26, 2024 - 12:24
 0
शिंदे का सीएम पद से इस्तीफा, फड़णवीस के मुख्यमंत्री बनने की उम्मीद

महाराष्ट्र के सीएम के इस्तीफे के साथ ही नए मुख्यमंत्री को लेकर जारी चर्चा पर भी विराम लग गया है। अब यह तय माना जा रहा है कि आज प्रस्तावित बीजेपी विधायक दल की बैठक के बाद नए सीएम के नाम का भी ऐलान हो जाएगा। 

इससे पहले सीएम एकनाथ शिंदे, देवेंद्र फडणवीस और अजित पंवार व अन्य नेताओं के साथ राजभवन पहुंचे और राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को अपना इस्तीफा सौंप दिया। अब यह तय माना जा रहा है देवेंद्र फडणवीस ही नए सीएम होंगे।

शिवसेना एकनाथ शिंदे गुट के प्रमुख एकनाथ शिंदे ने अपने पद से इस्तीफा बीजेपी विधायक दल की बैठक से ठीक पहले दिया है। आज बीजेपी विधायक दल का नेता चुना जाएगा। इसके लिए आयोजित बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी शामिल होंगे। बैठक के बाद शाह सीएम के नाम का ऐलान करेंगे। 

दरअसल, महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में महायुति को 288 में से 235 और एमवीए को 47 सीटों पर जीत मिली। निर्दलीय और एआईएमआईएम जैसे कुछ छोटे दल सिर्फ छह सीटें जीत पाए। अकेले बीजेपी को 132 सीटों पर जीत मिली। महाराष्ट्र में बीजेपी की यह सबसे बड़ी जीत है। शिवसेना शिंदे को 57 और एनसीपी अजित पवार को 41 सीटों पर जीत हासिल हुई। 

एमवीए में शिवसेना (उद्धव ठाकरे) सिर्फ 20 सीटें ही जीत पाई। इसके अलावा, कांग्रेस को 16 और शरद पवार की एनसीपी 10 सीटों पर सिमट गई। सपा को भी दो सीटों पर जीत हासिल हुई।