जल में डूब जाएं या सुनवाई होगी?: मनखेड़ा में जलभराव से त्रस्त महिला ने दी जल समाधि की चेतावनी

आगरा। अकोला ब्लॉक की ग्राम पंचायत मनखेड़ा में जलभराव की समस्या ने आखिरकार ग्रामीणों के सब्र का बांध तोड़ दिया। गांव की सावित्री देवी ने जलभराव से तंग आकर जल समाधि लेने की चेतावनी दी और गांववाले चौपाल पर धरने पर बैठ गए। प्रशासन की बेरुखी के खिलाफ नारेबाजी कर रहे ग्रामीणों ने कहा- अब आरपार की लड़ाई होगी।

Jul 8, 2025 - 18:22
 0
जल में डूब जाएं या सुनवाई होगी?: मनखेड़ा में जलभराव से त्रस्त महिला ने दी जल समाधि की चेतावनी
अकोला ब्लॊक के मनकेड़ा में जलभराव से उत्पन्न विषम स्थिति की कुछ तस्वीरें। धरने पर बैठी महिलाएं भी दिख रही हैं।

-अकोला ब्लॊक के ग्रामीणों का सुलगता सवाल- कब तक नजरअंदाज करेगा सिस्टम?

अगर अफसर नहीं आए तो इसी पानी में समाधि लूंगी

सावित्री देवी, जिनके घर और गांव के प्राइमरी स्कूल के सामने कई दिनों से पानी भरा है, ने दोपहर को साफ चेतावनी दी थी कि अगर दो घंटे में अधिकारी नहीं आए, तो वे जल में समाधि ले लेंगी। तय समय बीतने के बाद महिला पानी में उतरने लगी। बाद में किसी तरह उन्हें रोका गया
बीडीओ को भेजे फोटो-वीडियो, फिर भी कोई सुनवाई नहीं

ग्रामीणों का कहना है कि 4 जुलाई की बारिश के बाद हालात बदतर हो गए। लगातार बीडीओ से संपर्क किया गया, सबूत के तौर पर फोटो और वीडियो भेजे गए, लेकिन सिर्फ आश्वासन मिला, समाधान नहीं। महिला और ग्रामीणों ने अब प्रशासनिक अमले को खुलेआम चुनौती दे दी है।

स्कूल में घुटनों तक पानी, बच्चे नहीं जा पा रहे पढ़ने

प्राइमरी स्कूल के सामने जमा पानी से छोटे-छोटे बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे। गांव की गलियों में घुटनों तक भरा पानी, बजबजाती नालियां और प्रशासन की चुप्पी ने लोगों को सड़क पर उतरने को मजबूर कर दिया।

अब बात निवेदन की नहीं, आंदोलन की होगी

धरना स्थल पर ग्रामीणों ने साफ शब्दों में कहा– अब फॉर्मेलिटी नहीं चलेगी। जब तक अफसर जमीन पर नहीं आएंगे, धरना नहीं उठेगा। बार-बार अनसुना करना प्रशासन की नीयत को उजागर करता है।

SP_Singh AURGURU Editor