श्रुति हासन एंजाइटी से टूटीं, एक्टिंग से लेना पड़ा ब्रेक, रोजमर्रा का काम नहीं कर पाती थी

श्रुति हासन ने साल 2018 में एक्टिंग से ब्रेक लिया था। अब उन्होंने खुलासा किया है कि वो एंजाइटी से जूझ रही थीं। लंदन में रहती थीं। अपने कपड़े धोना, खाना बनाना, लिखना और म्यूजिक पेश करना, ये सब करती थीं। उन्होंने कहा कि सेपरेट होकर अच्छा किया।

Jan 29, 2026 - 21:25
 0
श्रुति हासन एंजाइटी से टूटीं, एक्टिंग से लेना पड़ा ब्रेक, रोजमर्रा का काम नहीं कर पाती थी

मुंबई। साउथ-बॉलीवुड एक्ट्रेस और सिंगर श्रुति हासन पहचान की मोहताज नहीं हैं। वो कमल हासन और सारिका की बेटी हैं। उन्होंने हाल ही में स्वीकार किया है कि हासन परिवार ने उन्हें हमेशा आगे बढ़ने के लिए साथ दिया है। इसके अलावा 2018 में एक्टिंग से ब्रेक लेने पर भी खुलकर बात की है। ये भी बताया कि वो कई साल से एंजाइटी झेल रही थीं।

श्रुति हासन ने 'द हॉलीवुड रिपोर्टर' से बात की। उन्होंने कहा, 'मैं ऐसे घर में पली-बढ़ी हूं, जहां मेरे पैरेंट्स कला की भाषा में बहुत पारंगत थे। दोनों कई काम करते थे। मुझे भी अपनी जरूरत के हिसाब से कई काम करने की छूट मिली। मैं उन चीजों पर फोकस करती हूं, जो मेरी प्रयॉरिटी हैं, लेकिन मैं कई अन्य कामों में भी हाथ आजमाती हूं।'

2018 में एक्टिंग से क्यों लिया था ब्रेक? इस सवाल के जवाब पर उन्होंने अपने एक्स बॉयफ्रेंड से ब्रेकअप की तरफ इशारा किया। उस समय थिएटर एक्टर माइकल कोर्सेल संग उनका नाम जुड़ रहा था, पर जल्द ही दोनों अलग हो गए थे।

श्रुति ने कहा कि उस सेपरेशन से सिर्फ अच्छा ही मिला। सबसे बुरी बात ये थी कि उसे छोड़ दिया, लेकिन बाकी सबकुछ बहुत अच्छा था। वो कहती हैं, 'ये मेरे लिए खुद को समझने का अच्छा समय था। खुद का आंकलन करने का अच्छा समय था कि मैं कौन हूं। अपनी मेंटल हेल्थ से जुड़ी समस्याओं पर ध्यान देने का समय मिला, जिन्हें ठीक करने की जरूरत थी। मैं जिंदगी के कई साल डिप्रेशन से जूझ रही थी और इस वजह से रोजमर्रा के काम करने में दिक्कत होती थी।'

उन्होंने आगे कहा, 'मुझे पता नहीं था कि मैं क्या ढूंढ रही हूं और मैं कौन हूं। और लंदन में अकेले म्यूजिक के जरिये खुद को फिर से खोजने का वह समय अद्भुत था। साथ ही, हर दिन अपने कपड़े खुद धोना, अपना खाना खुद बनाना, मेट्रो से म्यूजियम जाना, वापस आना और दो घंटे बैठकर शुरू से फिर से लिखने की प्रैक्टिस करना और फिर बिना किसी उम्मीद के नए श्रोताओं के सामने उस म्यूजिक को पेश करना। मैं इसे दुनिया के लिए कभी नहीं बदलूंगी।'

मालूम हो कि माइकल के बाद श्रुति ने चित्रकार शांतनु हजारिका को कई साल तक डेट किया, लेकिन साल 2024 में इनका भी ब्रेकअप हो गया।