शुभांशु शुक्ला अंतरिक्ष से धरती पर उतरे, पीएम मोदी ने किया स्वागत

भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला 20 दिन की अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन की यात्रा के बाद सकुशल धरती पर लौट आए हैं। उनका स्पेसक्राफ्ट ड्रैगन कैलिफोर्निया तट के पास प्रशांत महासागर में सुरक्षित लैंड हुआ।

Jul 15, 2025 - 15:59
 0
शुभांशु शुक्ला अंतरिक्ष से धरती पर उतरे, पीएम मोदी ने किया स्वागत

कैलिफोर्निया। शुभांशु शुक्ला करीब 20 दिनों के बाद अंतरिक्ष से धरती पर वापसी के लिए सोमवार को निकल गए थे। एक्सियोम-4 मिशन का ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट सोमवार शाम करीब साढ़े चार बजे इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन से अनडॉक हुआ था। शुभांशु का स्पेसक्राफ्ट आज 15 जुलाई को कैलिफोर्निया के समंदर में उतरा। 

शुभांशु नासा के केनेडी स्पेस सेंटर से अपने तीन अन्य साथियों के साथ 26 जून को अंतरिक्ष के लिए रवाना हुए थे। उनके साथ अमेरिका के अंतरिक्ष यात्री पेगी व्हिटसन, पोलैंड के सावोस्ज उजनान्स्की और हंगरी तिबोर कपू भी गए थे। इन चारों ने पृथ्वी की परिक्रमा करने के दौरान करीब 6 मिलियन मील से ज्यादा की दूरी तय की। इन अंतरिक्ष यात्रियों ने कई अहम प्रयोग भी किए, जिसमें कई तकनीकें भी शामिल हैं।

एक्सियोम-4 मिशन पर गए सभी अंतरिक्ष यात्रियों के लिए एक खास विदाई समारोह भी आयोजित किया गया। शुभांशु शुक्ला ने विदाई समारोह के दौरान कहा, ''जल्द धरती पर मुलाकात करेंगे।'' ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट की अनडॉकिंग के लगभग 22.5 घंटे बाद कैलिफोर्निया के समंदर में उतरा।  शुभांशु की वापसी को लेकर एक और अहम जानकारी सामने आई है। एक रिपोर्ट के मुताबिक उन्हें वापसी के 7 दिन बाद तक रिहैबिलिटेशन में रहना होगा, जिससे शुभांशु पृथ्वी की गुरुत्वाकर्षण स्थिति में सहज रूप से रह सकें। 

शुभांशु की वापसी को लेकर उनका परिवार बेसब्री से इंतजार कर रहा था। उनके पिता शंभू दयाल शुक्ला और मां आशा शुक्ला ने बेटे की वापसी को लेकर खुशी जाहिर की। शुभांशु अंतरिक्ष यात्रा से पहले परिवार के लिए सोशल मीडिया पर खास पोस्ट शेयर कर गए थे। इसमें उन्होंने अपनी पत्नी का भी जिक्र किया था।

भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला ड्रैगन अंतरिक्ष यान से बाहर निकल आए हैं और उन्हें धरती के गुरुत्वाकर्षण का सामना करना पड़ा है। उन्हें रिहैबिलिटेशन में लेकर जाया जा रहा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुभांशु शुक्ला का पृथ्वी पर स्वागत करते हुए ट्वीट किया, "मैं ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला का स्वागत करने में राष्ट्र के साथ शामिल हूं क्योंकि वह अंतरिक्ष में अपने ऐतिहासिक मिशन से पृथ्वी पर लौटे हैं। अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन का दौरा करने वाले भारत के पहले अंतरिक्ष यात्री के रूप में, उन्होंने अपने समर्पण, साहस और अग्रणी भावना के माध्यम से एक अरब सपनों को प्रेरित किया है। यह हमारे अपने मानव अंतरिक्ष उड़ान मिशन - गगनयान की दिशा में एक और मील का पत्थर है।"