श्वेता त्रिपाठी ने अब शुरू की 'पलकों पे' की शूटिंग
एक्ट्रेस श्वेता त्रिपाठी ने 'मिर्जापुर: द फिल्म' की शूटिंग पूरी कर ली है। अब वह अगली फीचर फिल्म ‘पलकों पे’ की शूटिंग कर रही हैं।
मुंबई। ‘मिर्जापुर’ से देशभर में पहचान बनाने वाली एक्ट्रेस श्वेता त्रिपाठी इन दिनों बिना रुके एक के बाद एक प्रोजेक्ट में जुटी हुई हैं। हाल ही में ‘मिर्ज़ापुर: द फिल्म’ का मुंबई शेड्यूल पूरा करने के बाद उन्होंने सीधे अपनी अगली फीचर फिल्म ‘पलकों पे’ की शूटिंग शुरू कर दी है। इस फिल्म में अभिनेता और फिल्ममेकर राहुल मित्रा श्वेता त्रिपाठी के पिता की अहम भूमिका निभाते नजर आएंगे।
फिल्म ‘पलकों पे’ की शूटिंग 23 दिसंबर से शुरू हुई है और इसे बेहद टाइट शेड्यूल में शूट किया जा रहा है। पूरी फिल्म की शूटिंग मिड जनवरी तक खत्म करने की प्लानिंग है। इस समय श्वेता त्रिपाठी, राहुल मित्रा, अभिषेक चौहान और ईशान नक़वी सहित पूरी कास्ट और क्रू भोपाल में डेरा डाले हुए हैं, जहां शहर के कई लोकेशंस पर लगातार शूटिंग चल रही है।
राहुल मित्रा हाल ही में यामी गौतम और इमरान हाशमी की चर्चित कोर्टरूम ड्रामा फिल्म ‘हक़’ में नजर आ चुके हैं। ‘पलकों पे’ में वह संवेदनशील पिता का किरदार निभा रहे हैं और इसके डायरेक्टर निद्धिश पूझक्कल हैं। ‘पलकों पे’ एक सामाजिक विषयों पर आधारित फिल्म है, जिसमें तलाक, जेंडर इक्वैलिटी, सेक्सुएलिटी और मानसिक स्वास्थ्य जैसे अहम मुद्दों को केंद्र में रखा गया है। फिल्म इन विषयों को मानवीय संवेदनाओं और रिश्तों के जरिये सामने लाने की कोशिश करती है।
हाल ही में एक इंटरव्यू में श्वेता त्रिपाठी ने एक प्रोजेक्ट से दूसरे में बिना ब्रेक के काम करने के अनुभव पर कहा, 'मैंने मिर्जापुर: द फिल्म की शूटिंग खत्म की और लगभग तुरंत ही एक नई दुनिया और नई कहानी में कदम रख दिया। जब ज्यादातर लोग छुट्टियां मना रहे हैं, मैं अपने जीवन के इस दौर को सेट पर रहकर सेलिब्रेट कर रही हूं, क्योंकि मुझे यही सबसे ज्यादा पसंद है।' फिल्म का निर्माण राहुल गांधी की टैम्बू एंटरटेनमेंट और सलीम जावेद की जरिया एंटरटेनमेंट के बैनर तले किया जा रहा है। ‘पलकों पे’ को 2026 में रिलीज करने की योजना है और इसे लेकर इंडस्ट्री में पहले से ही उत्सुकता देखी जा रही है।