सिख समाज को राहुल गांधी की बातें नहीं सुहाई, पुतला फूंका
आगरा। अमेरिका की धरती से कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा भारत के सिखों के बारे में कही गई कुछ बातें सिख समाज को बहुत नागवार गुजरी हैं। शहर के सिख समुदाय ने आज इसके विरोध में प्रदर्शन कर राहुल गांधी की बातों के प्रति अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान राहुल गांधी का पुतला भी फूंका गया।

अपनी हाल ही की अमेरिका यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने कहा था कि मुद्दा यह है कि भारत में सिख पगड़ी और कड़ा पहन पाएंगे या नहीं। मुद्दा यह है कि सिख अपने गुरुद्वारों में जा पाएंगे या नहीं।
राहुल गांधी के इस बयान की भारत के सिख समाज में तीखी प्रतिक्रिया हुई। यह मामला उस समय और तूल पकड़ गया जब खालिस्तानी आतंकवादी गुरुपतवंत सिंह पन्नू ने राहुल गांधी के इस बयान का समर्थन कर दिया।
राहुल गांधी के इस बयान के सामने आने के दूसरे दिन ही दिल्ली में सिख समुदाय के लोगों ने राहुल गांधी की मां सोनिया गांधी के आवास के सामने प्रदर्शन कर अपना विरोध दर्ज कराया था।
इसी क्रम में आज आगरा के सिख समुदाय ने भी पचकुइयां चौराहे पर एकत्रित होकर विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि 1984 के दंगों में हजारों सिखों का कत्लेआम करवाने वाली कांग्रेस पार्टी के नेता राहुल गांधी सिखों के प्रति सहानभूति जताने के नाम पर जो उल्टा सीधा बयान दे रहे हैं, वह हमें अस्वीकार्य है। प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी का प्रतीकात्मक पुतला भी जलाया गया।
प्रदर्शन में भाजपा के महानगर अध्यक्ष भानु महाजन, बंटी ग्रोवर क्षेत्रीय महामंत्री अल्पसंख्यक मोर्चा ब्रज क्षेत्र, मुनेंद्र जादौन महानगर उपाध्यक्ष, रोहित कत्याल मीडिया प्रभारी,
हाजी अल्ताफ महानगर अध्यक्ष अल्पसंख्यक मोर्चा, बॉबी बेदी,bवरिष्ठ समाजसेवी सतपाल बत्रा, परमजीत सिंह बग्गा, जसवीर सिंह अरोरा, सन्नी अरोरा, कुलविंदर सिंह आहुलुवालिया, गगन लूथरा, लक्की गंभीर, सनी सचदेवा, कमलजीत कौर, जसबीर अरोरा, सन्नी मेहर, हरदीप सिंह आदि शामिल थे।