आगरा की छह प्रमुख समस्याएं पहुंचीं सीएम योगी तक, भाजपा नेता उपेन्द्र सिंह ने बुद्धा पार्क, शहीद सम्मान, मेट्रो और विकास कार्यों के मुद्दे उठाए
आगरा। आगरा की सामाजिक, विकास और जनहित से जुड़ी छह प्रमुख समस्याओं को लेकर भारतीय जाटव समाज संस्था ने प्रदेश सरकार के सामने आवाज बुलंद की है। भाजपा नेता एवं संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेन्द्र सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास, कालिदास मार्ग पहुंचकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विशेष कार्याधिकारी एनके सिंह चौहान को छह सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। इसमें बुद्धा पार्क, कारगिल शहीद कैप्टन सुनील यादव के सम्मान, मेट्रो स्टेशन, पुल निर्माण, ग्वालियर रोड के जलभराव, धनौली की आवासीय समस्या और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से जुड़े मुद्दे उठाए गए।
बुद्धा पार्क को मिले राष्ट्रीय पहचान
उपेन्द्र सिंह ने कालिंदी विहार में विकसित हो रहे बुद्धा पार्क को पर्यटन की दृष्टि से बुद्धा सर्किट से जोड़ने तथा इसका लोकार्पण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के करकमलों से कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि बुद्धा पार्क आगरा की महत्वपूर्ण पहचान बन सकता है और इसे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई जानी चाहिए।
शहीद के नाम पर हो मेट्रो स्टेशन
ज्ञापन में कारगिल युद्ध के वीर शहीद कैप्टन सुनील यादव के सम्मान में उनके निवास क्षेत्र के निकट स्थित आईएसबीटी मेट्रो स्टेशन का नाम ‘शहीद कैप्टन सुनील आईएसबीटी मेट्रो स्टेशन’ रखने की मांग की गई। संस्था ने कहा कि इससे युवा पीढ़ी को शहीद के बलिदान से प्रेरणा मिलेगी। साथ ही आगरा मेट्रो के दूसरे चरण में कालिंदी विहार स्थित प्रस्तावित स्टेशन का नाम ‘बुद्धा पार्क मेट्रो स्टेशन’ रखने की मांग की गई।
पुल, नाला और आवासीय समस्या उठाई
प्रतिनिधिमंडल ने आगरा ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के मेहरा-नाहरगंज से एत्मादपुर एवं टूंडला को जोड़ने वाले पुल के निर्माण को शीघ्र स्वीकृति देकर गति देने की मांग की। ग्वालियर रोड पर जलभराव की स्थायी समस्या के समाधान के लिए नाला निर्माण जल्द शुरू कराने तथा धनौली के निवासियों की आवासीय समस्या का समाधान कराने का भी आग्रह किया गया।
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर निगरानी की मांग
11 जुलाई 2026 को बुद्धा विहार परिसर की नवनिर्मित दीवार गिरने की घटना का उल्लेख करते हुए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की निगरानी के लिए वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी की अध्यक्षता में मॉनिटरिंग कमेटी गठित करने की मांग की गई। इसमें संस्था के तीन पदाधिकारियों को शामिल करने का प्रस्ताव भी रखा गया।
कार्रवाई का मिला आश्वासन
विशेष कार्याधिकारी एनके सिंह चौहान ने ज्ञापन प्राप्त कर सभी मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उपेन्द्र सिंह ने कहा कि संस्था जनहित, समाज के सम्मान, महापुरुषों की विरासत और आगरा के विकास से जुड़े मुद्दों को शासन के समक्ष मजबूती से उठाती रहेगी। प्रतिनिधिमंडल में संस्था के प्रदेश अध्यक्ष नेत्रपाल सिंह भी शामिल रहे।