छह साल पुराने दोस्त ने शादी से टालमटोल करने पर की थी छात्रा की हत्या, अन्य युवकों से मोबाइल चैट देख बौखला उठा था हत्यारोपी, बरेली पुलिस मुठभेड़ में कर लिया गिरफ्तार
-आरके सिंह- बरेली। जिले में डीएलएड छात्रा की हत्या का सनसनीखेज खुलासा करते हुए पुलिस ने आरोपी युवक को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। छह साल पुरानी दोस्ती, शादी का दबाव और मोबाइल चैट को लेकर उपजा शक इस खौफनाक वारदात की वजह बना। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी छात्रा से शादी करना चाहता था, लेकिन छात्रा लगातार टाल रही थी। मोबाइल फोन में अन्य युवकों के साथ चैट, फोटो और कॉल देखकर आरोपी बौखला गया और अंतिम परीक्षा के बाद दुपट्टे से गला कसकर उसकी हत्या कर दी। रविवार रात पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ में दबोच लिया, जिसमें उसके पैर में गोली लगी।
घटना बरेली के थाना सीबीगंज क्षेत्र की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य के अनुसार डीएलएड छात्रा, जो थाना शीशगढ़ क्षेत्र की निवासी थी, 13, 14 और 15 मई को डीएलएड परीक्षा देने फरीदपुर गई थी। परीक्षा केंद्र गांव से दूर होने के कारण वह रिश्तेदार के यहां ठहरी हुई थी। 15 मई की सुबह वह परीक्षा देने गई लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
16 मई की दोपहर दिल्ली-लखनऊ हाईवे से करीब 300 मीटर दूर ग्राम खन्ना गोटिया के पास खाली पड़े खेत में छात्रा का शव मिला। सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक टीम और उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे। शुरुआती जांच में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अनुराग आर्य ने खुलासे के लिए चार टीमें गठित कर दीं।
जांच के दौरान पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड, मिनीटीवी फुटेज और सीसीटीवी कैमरों की मदद ली। इसी दौरान रामपुर जनपद के थाना कैमरी क्षेत्र के लखीमपुर भीखा निवासी 26 वर्षीय अशोक कुमार पुत्र सुनील कुमार का नाम सामने आया। पुलिस को पता चला कि घटना के बाद आरोपी का मोबाइल बंद हो गया था और वह फरार चल रहा था। फुटेज में वह छात्रा को बाइक पर बैठाकर ले जाता हुआ भी दिखाई दिया।
पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक ने बताया कि रविवार रात सूचना मिली थी कि आरोपी सीबीगंज क्षेत्र में भागने की फिराक में है। पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो आरोपी ने ट्यूलिया अंडरपास के पास पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, मृतका का पर्स, आधार कार्ड, डीएलएड सेकंड सेमेस्टर के प्रश्नपत्र और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपी के खिलाफ थाना सीबीगंज में धारा 138/103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।
प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात कबूल कर ली है। आरोपी ने बताया कि वह छात्रा को पिछले छह वर्षों से जानता था और दोनों पहले एक ही विद्यालय में पढ़ चुके थे। वह उससे विवाह करना चाहता था और लगातार संपर्क में रहता था। डीएलएड परीक्षा के दौरान भी वह उसे परीक्षा केंद्र लाने-ले जाने का काम कर रहा था।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने छात्रा के मोबाइल में कई लड़कों के साथ फोटो, वीडियो, ऑडियो कॉल और चैट देखे थे। इससे उसके मन में शक और आक्रोश बढ़ता गया। 15 मई को अंतिम परीक्षा के बाद दोनों के बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ। गुस्से में उसने छात्रा के दुपट्टे से उसका गला कस दिया और शव खेत में फेंककर फरार हो गया। बाद में वह परिजनों को गुमराह करने के लिए भ्रामक जानकारी देता रहा।
इस सनसनीखेज हत्याकांड के खुलासे के बाद इलाके में भारी चर्चा है। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।