रिवर कनेक्ट कैंपेन के वार्षिक जलसे में आगरा के यमुना तट पर विश्व शांति और पर्यावरण संरक्षण के लिए हुआ विशेष हवन

आगरा। रिवर कनेक्ट कैंपेन की तेरहवीं वर्षगांठ पर यमुना तट शनिवार शाम आस्था, पर्यावरण चेतना और विश्व शांति की अनूठी ऊर्जा से सराबोर नजर आया। यमुना आरती स्थल पर आयोजित सालाना जलसे में विशेष हवन और सामूहिक प्रार्थनाओं के बीच विश्व शांति की कामना की गई। दीपों की लौ, मंत्रोच्चार और श्रद्धालुओं की सहभागिता ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।

Mar 28, 2026 - 21:11
 0
रिवर कनेक्ट कैंपेन के वार्षिक जलसे में आगरा के यमुना तट पर विश्व शांति और पर्यावरण संरक्षण के लिए हुआ विशेष हवन
रिवर कनेक्ट कैंपेन के वार्षिक जलसे के अंतर्गत शुक्रवार की सायं यमुना आरती स्थल पर आयोजित हवन में मौजूद पर्यावरणप्रेमी।

भव्य आरती और हवन से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम की शुरुआत माँ यमुना की विधिवत पूजा-अर्चना और आरती के साथ हुई। उपस्थित श्रद्धालुओं और सदस्यों ने एक स्वर में युद्ध समाप्ति, वैश्विक शांति और प्रकृति संतुलन की प्रार्थना की। मौजूदा समय में बढ़ते अंतरराष्ट्रीय तनाव और पर्यावरण संकट के बीच यह आयोजन विशेष रूप से प्रासंगिक बन गया।

संगोष्ठी को संबोधित करते हुए पंडित जुगल किशोर ने बताया कि वर्ष 2014 में यमुना शुद्धि और जनजागरण के उद्देश्य से रिवर कनेक्ट कैंपेन की शुरुआत की गई थी। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन होने वाली आरती के माध्यम से लोगों को यमुना की पीड़ा से जोड़ने और संरक्षण के प्रति जागरूक करने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।

नदियों के लिए मजबूत नीति की मांग

पर्यावरणविद डॉ. देवाशीष भट्टाचार्य ने नदियों के संरक्षण के लिए सशक्त राष्ट्रीय नीति बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नदियां केवल जल का स्रोत नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, आस्था और अस्तित्व की आधारशिला हैं, जिन्हें बचाना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

सुव्यवस्थित आयोजन, श्रद्धालुओं की बड़ी भागीदारी

विश्व शांति हवन का संचालन राहुल राज ने किया, जबकि विशेष यमुना आरती गोस्वामी नंदन श्रोतरीय द्वारा संपन्न कराई गई। कार्यक्रम की व्यवस्थाएं चतुरभुज तिवारी और दीपक राजपूत ने संभालीं, जिनके प्रयासों से आयोजन सुचारु रूप से संपन्न हुआ।

रिवर कनेक्ट कैंपेन के बृज खंडेलवाल ने कहा कि आज जब दुनिया युद्ध, प्रदूषण और अस्थिरता से जूझ रही है, ऐसे आयोजन सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और समाज को एकजुट करते हैं।

आस्था के साथ जागरूकता का संदेश

कार्यक्रम में विशाल झा, दिनेश शर्मा, पद्मिनी अय्यर, ज्योति, सतीश गुप्ता, डॉ. मुकुल पांड्या, डॉ. अचल पंड्या, डॉ. देवाशीष भट्टाचार्य, चतुरभुज तिवारी, शशिकांत उपाध्याय, राकेश गुप्ता, जगन प्रसाद तेहरिया, मुकेश चौधरी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

इस आयोजन ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि आस्था और जागरूकता के संगम से ही प्रकृति संरक्षण और विश्व शांति का मार्ग प्रशस्त हो सकता है।

SP_Singh AURGURU Editor