दोस्ती की आड़ में छुरेबाजी स्वीकार नहीं, नालायक औलादों को समझाओ- सूर्या चौहान हत्याकांड पर सीएम योगी का कड़ा संदेश, बोले मुख्यमंत्री- समाज को तोड़ने वालों और अपराधियों के लिए यूपी में कोई जगह नहीं
बिजनौर। गाजियाबाद के खोड़ा क्षेत्र में छात्र सूर्या प्रताप चौहान की हत्या का मामला अब प्रदेश की राजनीति और कानून-व्यवस्था के केंद्र में आ गया है। बिजनौर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना का उल्लेख करते हुए अपराधियों, उनके संरक्षकों और समाज में नफरत फैलाने वाली मानसिकता पर तीखा हमला बोला। मुख्यमंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि उत्तर प्रदेश में दोस्ती की आड़ में छुरेबाजी जैसी घटनाएं किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएंगी।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि समाज को बांटने और युवाओं को भटकाने वाली प्रवृत्तियां देश और समाज दोनों के लिए घातक हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में गाजियाबाद की घटना पूरे समाज के लिए चेतावनी है।
मुख्यमंत्री ने कहा, आपने गाजियाबाद की घटना देखी होगी। दोस्ती... कैसी दोस्ती? दोस्ती की आड़ में छुरेबाजी। यह स्वीकार्य नहीं है। अगर अपने नालायक औलादों को नहीं संभालोगे, नहीं समझाओगे तो फिर कानून अपना काम करेगा।
उन्होंने कहा कि परिवार और समाज की जिम्मेदारी केवल बच्चों को शिक्षा देने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें संस्कार देना और सही-गलत का अंतर समझाना भी उतना ही आवश्यक है। यदि परिवार अपनी जिम्मेदारी निभाने में विफल रहता है तो उसका खामियाजा पूरे समाज को भुगतना पड़ता है।
सज्जनों का सम्मान, अपराधियों पर प्रहार
मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में कहा कि प्रदेश सरकार की नीति पूरी तरह स्पष्ट है। जो कानून का पालन करेगा, समाज के विकास में योगदान देगा और शांतिपूर्ण जीवन जीएगा, उसके सम्मान और सुरक्षा की पूरी गारंटी सरकार देगी। लेकिन जो लोग अपराध, अराजकता और हिंसा का रास्ता चुनेंगे, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी।
उन्होंने कहा कि सरकार की संवेदना हमेशा गरीब, वंचित, किसान, युवा, महिला और सामान्य नागरिक के साथ है। विकास योजनाएं बिना किसी भेदभाव के सभी तक पहुंचाई जा रही हैं, लेकिन कानून हाथ में लेने वालों के प्रति किसी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी।
खोड़ा हत्याकांड पर पूरे प्रदेश की नजर
मुख्यमंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है जब गाजियाबाद के खोड़ा क्षेत्र में छात्र सूर्या प्रताप चौहान की हत्या को लेकर प्रदेशभर में आक्रोश है। घटना के बाद पुलिस ने कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी असद पुलिस मुठभेड़ में मारा जा चुका है। पूरे मामले को लेकर कानून-व्यवस्था, सामाजिक सौहार्द और युवाओं में बढ़ती आपराधिक प्रवृत्तियों पर व्यापक बहस छिड़ी हुई है।
सीएम के बयान के निकाले जा रहे व्यापक मायने
राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस बयान को केवल एक हत्या की घटना पर प्रतिक्रिया नहीं, बल्कि अपराध और अराजकता के खिलाफ सरकार की चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट संदेश दिया कि उत्तर प्रदेश में अपराधियों, समाज को तोड़ने वालों और विश्वासघात की आड़ में हिंसा करने वालों के लिए कोई स्थान नहीं है।