टीटीजेड बैठक में सख्ती: वायु गुणवत्ता सुधार, पुराने वाहन होंगे स्क्रैप, कचरा जलाने पर एफआईआर

आगरा। ताजमहल और उसके आसपास के वायुमंडलीय क्षेत्र को संरक्षित रखने के उद्देश्य से गठित ताज ट्रेपेजियम जोन प्राधिकरण की 64वीं बोर्ड बैठक मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को आयोजित हुई। इस दौरान आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, अलीगढ़ समेत समूचे टीटीजेड क्षेत्र में पर्यावरण प्रबंधन व प्रदूषण नियंत्रण को लेकर अहम निर्णय लिए गए।

Jun 25, 2025 - 22:53
 0
टीटीजेड बैठक में सख्ती: वायु गुणवत्ता सुधार, पुराने वाहन होंगे स्क्रैप, कचरा जलाने पर एफआईआर
ताज ट्रेपेजियम जोन प्राधिकरण की बैठक में मौजूद मंडलाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार सिंह एवं अन्य अधिकारी।  

नगर निकायों को सीएनजी वाहन अपनाने के निर्देश

बैठक में ठोस कूड़ा प्रबंधन के लिए टीटीजेड क्षेत्र के सभी नगरीय निकायों को सीएनजी वाहन ही क्रय करने के निर्देश पहले से दिए गए। बैठक में अवगत कराया गया कि आगरा के निकाय इसका पालन कर रहे हैं, जबकि मथुरा, एटा, हाथरस और भरतपुर से अब तक कोई जानकारी नहीं दी गई। इस पर मंडलायुक्त ने सभी जिलों से तत्काल रिपोर्ट मांगी।

वायु गुणवत्ता की निगरानी, सभी विभागों को आंकड़े भेजने के निर्देश

प्राधिकरण द्वारा स्थापित वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों से प्राप्त आंकड़ों को सभी विभागों व एजेंसियों से साझा करने के निर्देश दिए गए ताकि इनकी तुलना कर यह देखा जा सके कि सुधार हुआ या नहीं।

निर्माण कार्यों में लापरवाही पर जुर्माना, एक वर्ष में 69 लाख रुपये वसूले

निर्माण और तोड़फोड़ कचरा प्रबंधन नियम 2016 के तहत आगरा व अलीगढ़ में कई निजी व शासकीय निर्माण कार्यों पर नियमों की अनदेखी पर जुर्माना लगाया गया। आगरा नगर निगम ने अप्रैल 2024 से अप्रैल 2025 तक 54 लाख रुपये और अलीगढ़ ने 15 लाख रुपये वसूले।

मोक्षधाम होंगे बिजली आधारित, फिरोजाबाद में गैस शवदाह गृह जल्द शुरू

परंपरागत शवदाह स्थलों को बिजली आधारित बनाने की प्रक्रिया जारी है। फिरोजाबाद में निर्माणाधीन गैस शवदाह गृह को शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए गए।

15 साल पुराने डीजल-पेट्रोल वाहनों की नीलामी और स्क्रैप की प्रक्रिया तेज

प्राधिकरण क्षेत्र में ऐसे पुराने वाहन जिन्हें जब्त किया गया है और जिन्हें वाहन मालिक समयसीमा में नहीं छुड़ाते, उन्हें स्क्रैप किया जाएगा। इस प्रक्रिया की सूचना समाचार पत्रों में दी जाएगी। यह कार्य केवल अधिकृत स्क्रैप केंद्रों के माध्यम से होगा।

कोयला डिपो होंगे निगरानी में, सीसीटीवी और रजिस्टर अनिवार्य

सभी कोयला डिपो को स्टॉक और बिक्री के लिए तय प्रारूप का रजिस्टर रखने व सीसीटीवी लगाने के निर्देश दिए गए हैं। जो डिपो इन निर्देशों का पालन नहीं कर रहे, उनके विरुद्ध नोटिस और लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई होगी।

प्रदूषणकारी इकाइयों को विद्युत कनेक्शन नहीं

रिहायशी इलाकों में चल रही विद्युत चढ़त इकाइयों पर कार्रवाई की गई है। भविष्य में ऐसे प्रदूषणकारी प्रतिष्ठानों को विद्युत संयोजन न देने के निर्देश हैं। जल निगम द्वारा पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों की मरम्मत मानकों के अनुसार की जाए, इस पर विशेष जोर दिया गया।

ट्रांसपोर्ट एजेंसियों की शिफ्टिंग, यातायात नगर में सुविधा विकास

यमुना किनारा मार्ग से ट्रांसपोर्ट एजेंसियों को हटाकर यातायात नगर में स्थानांतरित करने की योजना पर भी चर्चा हुई। आगरा विकास प्राधिकरण को आधारभूत सुविधाएं विकसित करने के निर्देश दिए गए हैं।

पीयूसी सेंटर्स पर निगरानी, मानक से परे वाहनों को सर्टिफिकेट न मिले

मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि सभी वाहनों की मानकों की जांच ईमानदारी से हो। जो वाहन तय मानकों पर खरे नहीं उतरते, उनकी सूची बनाकर पीयूसी सेंटर्स को दी जाए और उनका सर्टिफिकेट रोका जाए। उल्लंघन पर केंद्रों के विरुद्ध कार्रवाई हो।

ठोस कचरा जलाने पर एफआईआर, लेदर वेस्ट पर सख्ती

आगरा नगर निगम और छावनी क्षेत्र के 12 प्रमुख स्थलों पर किसी भी सूरत में ठोस कचरे और चमड़ा अवशेष जलाने की अनुमति नहीं होगी। उल्लंघन पर एफआईआर कराई जाएगी।

जुलाई में वृक्षारोपण अभियान, एक पौधा मां के नाम

बैठक के अंत में जुलाई में चलने वाले वृक्षारोपण अभियान की रूपरेखा तय की गई। सभी विभाग चयनित स्थलों पर गड्ढा खुदाई कार्य समय से पूरा करें। औद्योगिक परिसरों में भी वृक्षारोपण हो। सभी अधिकारियों को एक पौधा अपनी मां के नाम से लगाने का संकल्प दिलाया गया।

बैठक में मुख्य रूप से जिलाधिकारी फिरोजाबाद रमेश रंजन, आगरा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष श्रीमती एम. अरुन्मौली, नगरायुक्त आगरा अंकित खंडेलवाल और नगर आयुक्त फिरोजाबाद रिषिराज मौजूद रहे। Bottom of Form

SP_Singh AURGURU Editor