सुखजीवन हॉकी अकादमी ने जीत से किया आगाज, अंडर-19 गोल्ड कप में रोमांच चरम पर
आगरा। कड़कड़ाती ठंड के बीच हॉकी के मैदान पर जोश, जज्बा और जुनून का अद्भुत संगम देखने को मिला। ऑल इंडिया साहिबजादा बाबा जोरावर सिंह–बाबा फतेह सिंह स्मृति अंडर-19 प्राइजमनी गोल्ड कप हॉकी टूर्नामेंट के दूसरे दिन खेले गए तीन मुकाबलों ने दर्शकों को रोमांच से भर दिया। दिन का पहला मैच जीतकर सुखजीवन हॉकी अकादमी ने टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत की, जबकि अन्य मुकाबलों में भी खिलाड़ियों ने जीत के लिए जमकर पसीना बहाया।
सुखजीवन स्पोर्ट्स अकादमी और आगरा हॉकी मास्टर्स के संयुक्त तत्वावधान में चल रहे टूर्नामेंट के दूसरे दिन तीन मुकाबले खेले गए। पहले मैच में सुखजीवन हॉकी अकादमी का सामना राजा करन हॉकी से हुआ। मैच के शुरुआती मिनटों से ही सुखजीवन अकादमी ने आक्रामक खेल दिखाया और हाफ टाइम तक 1-0 की बढ़त बना ली।
दूसरे हाफ में दोनों टीमों के बीच गोलों की बरसात हुई। सुखजीवन अकादमी ने चार गोल किए, जबकि राजा करन हॉकी ने भी तीन गोल दागे, लेकिन पहले हाफ की बढ़त निर्णायक साबित हुई और सुखजीवन अकादमी ने मुकाबला 5-4 से जीत लिया। विजेता टीम के लिए रौनक राना और साहिल ने 2-2 गोल, जबकि दिनेश ने 1 गोल किया। उपविजेता टीम के लिए हिमांशु ने 2 और साहिल ने 1 गोल किया। शानदार प्रदर्शन के लिए सुखजीवन अकादमी के साहिल को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दिन का दूसरा मुकाबला साई लखनऊ और साई मणिपुर के बीच खेला गया। पहले मिनट से ही दोनों टीमों ने तेज रफ्तार हॉकी खेली। हाफ टाइम तक स्कोर 1-1 की बराबरी पर रहा। दूसरे हाफ में साई लखनऊ ने बेहतर तालमेल दिखाते हुए तीन गोल दागे, जबकि साई मणिपुर केवल एक गोल कर सकी। साई लखनऊ ने मुकाबला 5-2 से अपने नाम किया। विजेता टीम के लिए मनीष यादव ने 3 और सूरज ने 2 गोल किए, जबकि मणिपुर की ओर से सचिन और सूरज सिंह ने 1-1 गोल किया।
तीसरे मुकाबले में मेघवरन गाजीपुर और धौलपुर हॉकी आमने-सामने थीं। पहले मैच में ड्रा खेलने वाली धौलपुर हॉकी इस मैच में जीत के इरादे से उतरी और हाफ टाइम तक 2-1 की बढ़त भी बना ली। हालांकि, दूसरे हाफ में मेघवरन गाजीपुर ने शानदार वापसी करते हुए चार गोल दागे और मैच 5-4 से जीत लिया। गाजीपुर की ओर से शिवम राजभर ने 2, जबकि सौरव यादव, संजय राजभर और नीलेश पाल ने 1-1 गोल किया। धौलपुर हॉकी के लिए अंकित ने 2, आदर्श और कुनाल ने 1-1 गोल किया।
मैचों के दौरान आयोजन सचिव राजीव सोई, अमिताभ गौतम, शरद शर्मा, आगरा कॉलेज के पूर्व प्राचार्य प्रो. नरेन्द्र सिंह यादव, शाहिद अंसारी, पवन गुप्ता, शैलेन्द्र गुप्ता सहित कई खेल प्रेमी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Top of Form