अरबों की खुली जमीन को कब्जे में लेने के लिए आगरा कॉलेज ने शुरू कराया बाउंड्रीवाल का निर्माण, कैमरे लगवाए

आगरा। शहर के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान आगरा कॉलेज ने अरबों रुपये मूल्य की अपनी बहुमूल्य भूमि को सुरक्षित करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाते हुए, कॉलेज के पीछे स्थित खुले भूभाग पर बाउंड्रीवाल का निर्माण कार्य शुरू करवा दिया है। 17 सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में यह कार्य कराया जा रहा है, जिससे किसी भी अवांछनीय गतिविधि के बारे में रिकॉर्डिंग के आधार पर कानूनी कार्रवाई संभव हो सके।

Jul 2, 2025 - 21:44
 0
अरबों की खुली जमीन को कब्जे में लेने के लिए आगरा कॉलेज ने शुरू कराया बाउंड्रीवाल का निर्माण, कैमरे लगवाए
आगरा कॊलेज की कॊलेज और नाई की मंडी के बीच नाले के सहारे की जमीन पर बुधवार को बाउंड्रीवाल लगाने का शुरू होने के मौके पर प्रिंसिपल प्रो. सीके गौतम और अन्य शिक्षक व कर्मचारी वहां मौजूद रहे।

-हर बार की तरह इस बार भी नाई की मंडी के लोग विरोध करने पहुंचे, लेकिन प्राचार्य प्रो. गौतम का सख्त रुख देख लौटे

यह ज़मीन एमजी रोड से शुरू होकर एसएन मेडिकल कॉलेज तक लगभग ढाई किलोमीटर की गहराई में फैली हुई है, जिसकी बाज़ार कीमत अरबों रुपये आंकी जाती है। लंबे समय से इस पर अतिक्रमण का खतरा बना हुआ था और हर बार बाउंड्री लगाने के प्रयास को विरोध का सामना करना पड़ता था, विशेषकर नाई की मंडी क्षेत्र के कुछ स्थानीय तत्वों द्वारा।

प्राचार्य का स्पष्ट संदेश- किसी भी कीमत पर ज़मीन की रक्षा करेंगे

प्राचार्य प्रो. सीके गौतम ने बताया कि उन्होंने ज़मीन से संबंधित सभी दस्तावेज और स्वामित्व प्रमाण एकत्र कर लिए हैं और विधिक प्रक्रियाओं को पूर्ण करने के बाद यह निर्माण शुरू कराया है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा, हमारे पास जमीन के वे सारे दस्तावेज़ मौजूद हैं जिनके आधार पर यह साबित होता है कि यह ज़मीन आगरा कॉलेज की है। विरोध करने वालों को समझ लेना चाहिए कि वे भी कॉलेज की ही ज़मीन पर रह रहे हैं। अब कोई अवैध अतिक्रमण नहीं चलेगा।

आज निर्माण कार्य के आरंभ के समय, जेसीबी से रास्ता बनवाया गया और करीब दर्जन भर शिक्षक व बड़ी संख्या में कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे। विरोध करने की नीयत से कुछ स्थानीय लोग पहुंचे भी, लेकिन प्राचार्य के स्पष्ट रुख के सामने उनकी एक न चली।

बाउंड्रीवाल के बाद बनेगा आधुनिक परीक्षा केंद्र

प्राचार्य ने यह भी जानकारी दी कि इस ज़मीन पर बाउंड्रीवाल बनने के बाद, कॉलेज यहां लगभग 60 परीक्षा कक्षों वाला एक परीक्षा केंद्र बनाएगा। इससे यह सुनिश्चित किया जाएगा कि एक विषय की सेमेस्टर परीक्षा के चलते दूसरे विषय के छात्रों की कक्षाएं बाधित न हों। इस आधुनिक परीक्षा केंद्र से कॉलेज की शैक्षणिक व्यवस्था में सुधार और छात्रहित में लंबी दूरी तक प्रभाव पड़ेगा।

SP_Singh AURGURU Editor