तालिबानी विदेश मंत्री का भारत आना तय, यूएनएससी ने दी मंजूरी, पाक को झटका
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने अफगानिस्तान के विदेश मंत्री अमीर खान मुत्ताकी की भारत यात्रा को मंजूरी दे दी है। उनके 9 अक्टूबर को भारत पहुंचने की संभावना है। यह किसी वरिष्ठ तालिबानी नेता की पहली भारत यात्रा होगी। इससे पहले मुत्ताकी का भारत दौरा प्रतिबंधों के कारण रद्द कर दिया गया था।
काबुल। तालिबानी विदेश मंत्री अमीर खान मुत्ताकी की भारत यात्रा को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की मंजूरी मिल गई है। वह 9 अक्तूबर को भारत पहुंचेंगे। इस दौरान उनका विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ मुलाकात करने की संभावना है। मुत्ताकी को अगस्त में ही भारत आना था, लेकिन सुरक्षा परिषद की मंजूरी न मिलने के कारण उनका दौरा रद्द कर दिया गया था। हालांकि, तब भारत ने कहा था कि वह तालिबान सरकार के विदेश मंत्री की यात्रा को लेकर आशान्वित है।
मुत्ताकी को अफगानिस्तान से बाहर यात्रा करने के लिए सुरक्षा परिषद की औपचारिक मंजूरी की आवश्यकता होती है। उन पर सुरक्षा परिषद ने यात्रा प्रतिबंध लगाया हुआ है। वह इस मंजूरी के बिना वह कानूनी रूप से भारत या किसी अन्य देश की यात्रा नहीं कर सकते हैं। इस कारण जब पिछली बार उन्हें सुरक्षा परिषद की मंजूरी नहीं मिली, तब उनकी भारत यात्रा को रद्द कर दिया गया था।