तमिलनाडु प्रीमियर लीगः मदुरई पैंथर्स ने आर अश्विन पर लगाया बॉल टेंपरिंग का आरोप, लीग सीईओ ने सबूत मांगे

चेन्नई। तमिलनाडु प्रीमियर लीग (टीएनपीएल) में एक नया विवाद सामने आया है। मदुरई पैंथर्स ने भारत के पूर्व दिग्गज स्पिनर आर अश्विन और उनकी टीम डिंडुगल ड्रैगंस पर बॉल टेंपरिंग का गंभीर आरोप लगाया है। फ्रेंचाइजी ने इस मामले को लेकर लीग के सीईओ प्रसन्ना कनन से औपचारिक शिकायत भी दर्ज कराई है।

Jun 16, 2025 - 22:05
 0
तमिलनाडु प्रीमियर लीगः मदुरई पैंथर्स ने आर अश्विन पर लगाया बॉल टेंपरिंग का आरोप, लीग सीईओ ने सबूत मांगे

तौलिये में रसायन, गेंद से आई धातु जैसी आवाज

मदुरई पैंथर्स का आरोप है कि 14 जून को एससीएफ क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए मैच के दौरान अश्विन और उनकी टीम ने उस तौलिये का इस्तेमाल किया जिसमें एक खास प्रकार का केमिकल लगा हुआ था। इससे गेंद की चमक और स्विंग में बदलाव देखा गया। पैंथर्स के मुताबिक, बल्ले से टकराने के दौरान गेंद से मेटलिक साउंड आ रही थी, जो सामान्य नहीं है।

बार-बार चेताने पर भी नहीं मानी अश्विन की टीम

शिकायत में कहा गया है कि पैंथर्स की ओर से मैदान पर बार-बार आपत्ति जताने के बावजूद अश्विन और उनकी टीम ने कथित तौर पर गेंद से छेड़छाड़ जारी रखी। परिणामस्वरूप यह मुकाबला डिंडुगल ड्रैगंस ने नौ विकेट से जीत लिया। अश्विन ने 49 रनों की पारी खेली, हालांकि उन्हें गेंदबाजी में कोई सफलता नहीं मिली।

प्रसन्ना कनन का बयान- सबूत मिले तो होगी जांच

लीग के सीईओ प्रसन्ना कनन ने इस पूरे मामले पर बयान जारी करते हुए कहा, अगर हमें पैंथर्स की ओर से कोई ठोस सबूत प्राप्त होते हैं तो हम स्वतंत्र जांच कमेटी गठित करेंगे। लेकिन अगर ऐसा कुछ नहीं होता तो इस तरह के अनुचित आरोप नहीं लगाने चाहिए। हमने उनकी शिकायत स्वीकार कर ली है और उनसे संबंधित एविडेंस मांगे हैं।

टीएनपीएल में बढ़ा विवाद, फेयर प्ले पर उठे सवाल

इस घटना ने टीएनपीएल में फेयर प्ले और खेल भावना को लेकर बहस छेड़ दी है। अश्विन जैसे अनुभवी खिलाड़ी पर ऐसा आरोप लगना लीग की साख के लिए भी झटका माना जा रहा है। अब सबकी निगाहें पैंथर्स द्वारा दिए जाने वाले सबूतों और आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं।

SP_Singh AURGURU Editor