गंगा एक्सप्रेसवे पर कुत्ते को बचाने में बेकाबू हुई टैक्सी, कई बार पलटी, दो महिलाओं समेत तीन नेपाली नागरिकों की मौत, छह घायल
-आरके सिंह- बदायूं। गंगा एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। नेपाल से चंडीगढ़ जा रही अर्टिगा टैक्सी के सामने अचानक कुत्ता आ जाने पर चालक ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित टैक्सी कई बार पलट गई और उसमें सवार नौ यात्रियों में से तीन की जान चली गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस और एक्सप्रेसवे की एंबुलेंस टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
वजीरगंज क्षेत्र में हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार हादसा वजीरगंज थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे के चैनल नंबर 175 के पास मंगलवार देर रात करीब तीन बजे हुआ। अर्टिगा टैक्सी में चालक समेत कुल नौ लोग सवार थे। सभी लोग नेपाल से चंडीगढ़ जा रहे थे और अलग-अलग परिवारों से बताए गए हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार एक्सप्रेसवे पर अचानक कुत्ता सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने टैक्सी से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद वाहन अनियंत्रित होकर कई बार पलट गया। हादसे में टैक्सी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
दो महिलाओं की मौके पर मौत
पुलिस के मुताबिक हादसे में नेपाल के डांग जिले की रहने वाली दीपना खात्री (32) और विपना सुनमगर (32) की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में करीब 22 वर्षीय एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ था। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। इसके साथ ही हादसे में मृतकों की संख्या तीन हो गई।
छह घायलों को अस्पताल भेजा
हादसे में टैक्सी चालक दीपक ओली (28) के अलावा पुष्पा (40), ज्ञान बहादुर मल्ल (22), यादव पोडे (22), करीब दो वर्षीय विनोद और करीब 10 वर्षीय सिमोन घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल बदायूं भेजा गया है।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एक्सप्रेसवे की एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
दुर्घटनाग्रस्त टैक्सी को एक्सप्रेसवे से हटाकर सुरक्षित स्थान पर खड़ा करा दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर सड़क पर अचानक कुत्ता आने को हादसे की वजह बताया गया है।
पुलिस के अनुसार मृतकों के परिजनों को सूचना देने के साथ शवों को नेपाल भेजने की प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। घटना को लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई भी जारी है।