तेलंगाना सीएम  को नहीं मिली यूएस दौरे की इजाजत,  रणधीर जायसवाल बोले-  विदेश मंत्रालय देखता है मामला

‘मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के नेतृत्व वाले आधिकारिक ‘तेलंगाना-राइजिंग’ प्रतिनिधिमंडल को अमेरिका का दौरा रद्द करना पड़ा, क्योंकि विदेश मंत्रालय ने इसकी अनुमति नहीं दी।

Aug 21, 2026 - 18:56
 0
तेलंगाना सीएम  को नहीं मिली यूएस दौरे की इजाजत,  रणधीर जायसवाल बोले-  विदेश मंत्रालय देखता है मामला

नई दिल्ली। तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी को यूनाइटेड स्टेट्स दौरे की इजाजत नहीं मिली। इस बारे में विदेश मंत्रालय की नियमित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पूछे गए सवालों के जवाब में प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा मुख्यमंत्रियों और दूसरे बड़े लोगों के दौरे को विदेश मंत्रालय पॉलिटिकल क्लीयरेंस देने के लिए देखता है।

उन्होंने आगे कहा कि ऐसे मामलों में जो भी प्रोग्राम बनता है, वह पद और दौरे के मकसद के हिसाब से सही होना चाहिए। जायसवाल ने आगे इस मामले में कहा कि यूनाइटेड स्टेट्स में ऐसा नहीं था और इसलिए क्लीयरेंस नहीं दिया गया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि रेवंत रेड्डी को यूनाइटड किंगडम दौरे के लिए क्लीयरेंस दिया गया था।

गौरतलब है कि इससे पहले ये खबर आयी कि तेलंगाना के सीएम को केंद्र सरकार की तरफ से अमेरिका जाने की इजाजत नहीं दी गई। मुख्यमंत्री कार्यालय कहा कि रेवंत रेड्डी वर्तमान में लंदन में हैं और यहां से उनकी योजना अमेरिका जाने और 30 अगस्त को हैदराबाद लौटने की योजना थी। 

सीएमओ की तरफ से जारी बयान में आगे कहा गया कि ‘मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के नेतृत्व वाले आधिकारिक ‘तेलंगाना-राइजिंग’ प्रतिनिधिमंडल को अमेरिका का दौरा रद्द करना पड़ा, क्योंकि विदेश मंत्रालय ने इसकी अनुमति नहीं दी।  मंत्रालय ने आगे कहा कि राजनीतिक दृष्टिकोण से इस (अमेरिका) यात्रा की मंजूरी नहीं दी गई है।

इसमें आगे कहा गया कि अब तेलंगाना सीएम यूएस के बोस्टन जाने के बजाय 23 अगस्त को लंदन से हैदराबाद लौटेंगे। राज्य सरकार ने नीति और प्रोटोकॉल के मुताबिक ब्रिटेन और अमेरिका की यात्रा के लिए केंद्र से अनुमति का अनुरोध किया था, लेकिन केवल ब्रिटेन यात्रा की ही मंजूरी मिली। 

मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल के ब्रिटेन पहुंचने के बाद केंद्र ने राज्य सरकार को अनुमति नहीं दिए जाने के बारे में सूचित किया. ‘तेलंगाना राइजिंग’ के राज्य सरकार के दृष्टिकोण, शिक्षा को आगे बढ़ाने और ‘विकसित भारत’ में योगदान देने के उद्देश्य से की जाने वाली यात्रा को ‘‘राजनीतिक कारणों से रोके जाने’’ से मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी हैरान हैं।

रेड्डी का कहना है कि कि ‘इस यात्रा का एकमात्र उद्देश्य केंद्र की नई शिक्षा नीति के तहत दुनिया के सर्वश्रेष्ठ शिक्षण संस्थानों को भारत, तेलंगाना और हैदराबाद लाना था। ये संस्थान हमारे युवाओं की उन आकांक्षाओं को पूरा करने में मदद करते, जो दुनिया के बेहतरीन ‘आइवी लीग’ और शीर्ष वैश्विक संस्थानों से शिक्षा, कौशल और प्रशिक्षण हासिल करना चाहते हैं।