सुकमा में पुलिस से मुठभेड़ में 10 नक्सली ढेर

रायपुर। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सुरक्षाबलों ने 10 नक्सलियों को मार गिराया है। मौके से सभी के शव और तीन ऑटोमैटिक हथियार बरामद किए गए हैं। भेज्जी के दंतेसपुरम, कोराजुगुड़ा, नागाराम के जंगल में डीआरएफ और सीआरपीएफ की कोंटा और किस्टाराम एरिया कमेटी के नक्सलियों के साथ मुठभेड़ हुई। इलाके में सर्चिंग जारी है। इस साल एक जनवरी से 22 नवंबर तक 207 नक्सली मारे गए हैं।

Nov 22, 2024 - 14:46
 0
सुकमा में पुलिस से मुठभेड़ में 10 नक्सली ढेर

बस्तर के आईजी सुंददराज पी ने कहा कि इस मुठभेड़ में एके-47, इंसास और एसएलआर समेत अन्य हथियार भी बरामद किए गए हैं। सुकमा के एसपी किरण चव्हाण ने इसे बड़ी सफलता बताया। जवान मौके पर ही हैं।

सुरक्षाबलों को सूचना मिली थी कि भेज्जी के जंगल में नक्सलियों का जमावड़ा है। इसके बाद जवानों को रवाना किया गया, जहां नक्सलियों से मुठभेड़ हो गई। एक दिन पहले ही भारी संख्या में नक्सली ओडिशा के रास्ते छत्तीसगढ़ बॉर्डर में घुसे थे। इस दौरान ओडिशा पुलिस के साथ मुठभेड़ भी हुई थी। इसमें एक नक्सली मारा गया था, वहीं एक जवान घायल हुआ था। इसके बाद छत्तीसगढ़ फोर्स अलर्ट पर थी।

 

ओडिशा और गरियाबंद से सटे उदंती अभ्यारण्य जंगल में कल भी पुलिस-नक्सली मुठभेड़ हुई थी। नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर गरियाबंद पुलिस ने संयुक्त सर्चिंग ऑपरेशन लॉन्च किया।