कैंटर से भिड़ंत के बाद डंपर में लगी आग में चालक की जलकर मौत

आगरा। आगरा-ग्वालियर हाईवे पर सैंया बिजलीघर के पास आज तड़के डंपर और कैंटर के बीच हुई भीषण भिड़ंत के दौरान डंपर में लगी आग में चालक की जिंदा जल कर मौत हो गई।

Apr 8, 2025 - 09:59
 0
कैंटर से भिड़ंत के बाद डंपर में लगी आग में चालक की जलकर मौत

दुर्घटना की वजह से आगरा-ग्वालियर हाइवे पर लंबा जाम लग गया और घटनास्थल के आसपास अफरातफरी का माहौल बन गया। 

हादसा सुबह करीब पांच बजे का बताया जा रहा है। बताया गया है कि राजस्थान के मनिया जिले का निवासी लोकेंद्र और 20 वर्षीय निशांत आगरा से ग्वालियर की ओर खाली डंपर लेकर जा रहे थे। डंपर को निशांत चला रहा था। निशांत वाहन चलाने में नया था।

सैयां बिजलीघर के पास आगे चल रहे कैंटर ने अचानक ब्रेक मार दिए। जिसकी वजह से निशांत डंपर को संभाल नहीं पाया और कैंटर से टकरा गया। हादसे में चालक सीट पर निशांत के पैर फंस गए। डंपर पर सवार लोकेंद्र ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस के पहुंचने से पूर्व ही कैंटर चालक मय वाहन के भाग गया। 

पुलिस डम्पर में फंसे निशांत को निकालने के लिए कटर की व्यवस्था करती उससे पहले शार्ट सर्किट से डंपर में धू धू कर जल उठा। पुलिस ने आग बुझाने के बाद बुरी तरह से जल चुके निशांत को बाहर निकाला और पास के अस्पताल ले गई। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

डंपर में आग लगने से आगरा- ग्वालियर हाईवे पर काफ़ी देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा। बाद में पुलिस ने यातायात सुचारू कराया।