ताज महोत्सव के धरोहार फैशन शो में दिखेगी कुम्भ की विराटता
आगरा। वर्ल्ड डिज़ाइनिंग फोरम द्वारा ताज महोत्सव 2025 के अंतर्गत आयोजित किए जा रहे "धरोहरः भारतीय हस्तकला और फैशन की अमूल्य विरासत" कार्यक्रम में गंगा की पावनता और कुम्भ के विराटता के दर्शन होंगे।
-वर्ल्ड डिज़ाइनिंग फोरम आयोजित कर रहा "धरोहर" कार्यक्रम
-भारतीय हस्तकला और फैशन की अमूल्य विरासत के बिखरेंगे रंग
यह कार्यक्रम शिल्पग्राम के मुख्य मंच पर कल (सोमवार को) सायं साढ़े पांच बजे से होगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय सांस्कृतिक धरोहर, पारंपरिक हस्तकला और फैशन को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करना है, जिसमें भारत की सांस्कृतिक विविधता का भव्य प्रदर्शन देखने को मिलेगा। उद्देश्य भारतीय हस्तकला और सांस्कृतिक धरोहर को विश्व स्तर पर पहचान दिलाना है। 'धरोहर' कार्यक्रम में भारतीय परंपरा और आधुनिकता के संगम को दर्शकों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा।
यह जानकारी वर्ड डिजायनिंग फोरम के निदेशक अंकुश अनामी ने सेल्फी प्वाइंट पर आयोजित आमंत्रण पत्र विमोचन कार्यक्रम में दी। उन्होंने बताया कि "धरोहर" कार्यक्रम में पूरे भारत से 50 से अधिक प्रसिद्ध फैशन डिज़ाइनर और मॉडल भाग ले रहे हैं। ये विभिन्न राज्यों के सांस्कृतिक और पारंपरिक परिधानों को नए अंदाज में प्रस्तुत करेंगे। इस भव्य फैशन शो में गंगा थीम के साथ शो की शुरुआत की जाएगी और कुम्भ थीम के साथ शो का समापन किया जाएगा।
इस कार्यक्रम में अतिथि के रूप में एडीए उपाध्यक्ष एम. अरुणमोझी, ऋतु सुहास, यूपी के प्रमुख सचिव मुकेश कुमार मेश्राम, मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह, वरिष्ठ आईएएस अखिलेश मिश्रा, आगरा के जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी, आईएएस नरेन्द्र कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे।
कार्यक्रम में कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, मणिपुर, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ़, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, और तेलंगाना के पारंपरिक वस्त्रों और सांस्कृतिक धरोहर को प्रस्तुत किया जाएगा। मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल होंगे। इस अवसर पर मुख्य रूप से शेखर दीक्षित, सृष्टि कुलश्रेष्ठ, तान्या रावत, गौरी चौधरी, सत्यम, खुशी श्रीवास्तव आदि उपस्थित थे।