आरटीओ ऑफिस के आसपास का इलाका साफ करा दिया नगर निगम ने
आगरा। नगर निगम द्वारा आरटीओ ऑफिस समेत नगर के कई अन्य इलाकों में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर दर्जनों की संख्या में दुकानों के आगे लगाई गयीं टिनशेड, खोखों, पक्के रैंप और झुग्गी झोंपड़ियों को ध्वस्त करा दिया। इस दौरान प्रवर्तन दल के साथ कुछ स्थानों पर अतिक्रमणकारियों से तीखी नोकझोंक भी हुई।
संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन की ओर से नगर निगम प्रशासन को पत्र लिखकर अवगत कराया गया था कि कार्यालय के बाहर अनधिकृत रुप से दुकानदारों ने खोखे आदि रखकर सार्वजनिक स्थान को घेर लिया गया है, जिससे कार्यालय के बाहर जाम की स्थिति बनी रहती है। इनके खिलाफ कार्रवाई कर अतिक्रमण हटवाया जाए।
इस पर नगरायुक्त अंकित खंडेलवाल के आदेश पर पशुकल्याण अधिकारी डा. अजय सिंह और प्रवर्तन प्रभारी कर्नल राहुल गुप्ता के नेतृत्व में प्रवर्तन दल ने बुधवार को कार्रवाई की। इस दौरान पच्चीस दुकानों के टिनशेड, सात पक्के रैंप, चार झोंपड़ी और दस ठेल धकेलों को तोड़ा गया। इस दौरान एक खोखा और ठेल को प्रवर्तन दल ने जब्त कर लिया।
इसके अलावा आईएसबीटी पर अभियान चला कर 34 ठेल धकेल हटवायी गईं। ईंट मंडी बोदला रोड से आधा दर्जन खोखे, सात झोंपड़ी और आठ तखत हटाये गये।
पुल के नीचे बिल्डिंग मैटेरियल
सिकंदरा पुल के नीचे बिल्डिंग मेटैरियल विक्रेता लखपत सिंह ने बालू बजरी और ईंटें रोड पर रखी हुई थीं। प्रवर्तन दल ने उसे 24 घंटे के अंदर सारा सामान मार्ग से हटा कर दुकान के अंदर ले जाने की चेतावनी दी है। कहा गया है कि यरि उसने सामान नहीं हटाया तो नगर निगम उसे जब्त कर लेगा। इस व्यक्ति पर नगर निगम पूर्व 25 हजार रुपये का जुर्माना लगा चुका है।
बिना अनुमति रोड कटिंग, एयरटेल पर दो लाख का जुर्माना
आगरा। बिना अनुमति रोड कटिंग करने पर नगरायुक्त अंकित खंडेलवाल ने मोबाइल कंपनी भारती एयरटेल लिमिटेड पर दो लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।
जुर्माना राशि को तीन दिन में जमा करने के आदेश के साथ ही चेतावनी दी गई है कि अगर कंपनी के द्वारा नियत तिथि के भीतर पैनाल्टी जमा नहीं कराई जाती है तो उसे नगर निगम सीमा में आने वाले किसी भी मार्ग पर रोड कटिंग की अनुमति नहीं दी जाएगी।
वार्ड संख्या 53 ट्रांसयमुना कालोनी फेस एक व दो के सभी ब्लॉकों में भारती एयरटेल की ओर से भूमिगत आप्टीकल केबिल की लाइन डालने के लिए खोदाई की गयी थी। लाइन डालने के उपरांत कंपनी द्वारा न तो रोड को सही किया गया और न ही गड्ढों को ही ठीक से भरवाया गया। इसकी शिकायत स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम प्रशासन से की थी। नगरायुक्त के आदेश पर जेई इंद्रजीत ने मौके का भ्रमण कर अपनी रिपोर्ट अधिशासी अभियंता को सौंपी कर बताया था कि खोदाई की वजह से जगह जगह सड़क, साइड पटरी और नालियां पूरी तरह से क्षतिग्रस्त होकर बैठ गयी है। इससे क्षेत्रीय नागरिकों को आवागमन में भारी दिक्क्तों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने अपनी रिपोर्ट में कंपनी पर दो लाख रुपये की पैनाल्टी लगाये जाने की संस्तुति की थी। इस पर कार्रवाई करते हुए नगर आयुक्त ने कंपनी पर दो लाख रुपये का जुर्माना वसूलने की संस्तुति कर दी है।