बरेली से शहनाज शाहिद समेत 34 पाकिस्तानी वापस भेजे जाएंगे
बरेली। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत सरकार द्वारा पाकिस्तान के नागरिकों पर सख्ती का असर अब बरेली में भी दिखाई देने लगा है। यहां 45 दिन के वीजा पर आई पाकिस्तानी महिला शहनाज शाहिद को वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही जिले में रह रहे 34 अन्य पाकिस्तानी नागरिकों की भी तलाश शुरू की जा चुकी है।
बीमार मां से मिलने आई थीं शहनाज
पाकिस्तान के कराची की निवासी शहनाज शाहिद अपने मायके, बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र में अपनी बीमार मां से मिलने आई थीं। 24 मार्च को अमृतसर से ट्रेन द्वारा बरेली आते समय रामपुर के पास उनके साथ एक घटना हो गई। उन्हें नींद लग गई और उनका पर्स चोरी हो गया, जिसमें पासपोर्ट, वीज़ा, सिम और नकदी थी।
शहनाज ने इसकी शिकायत जीआरपी बरेली में दर्ज कराई, जिसके बाद मामला रामपुर ट्रांसफर कर दिया गया। साथ ही उन्होंने एलआईयू ऑफिस में पंजीकरण भी कराया था।
देश छोड़ने का आदेश, बाघा बॉर्डर भेजा जाएगा
शहनाज के वीजा की वैधता 6 मई तक है, लेकिन केंद्र सरकार के निर्देशों के बाद बुधवार देर रात उन्हें देश छोड़ने का आदेश दे दिया गया। उन्हें जल्द ही वाघा बॉर्डर के रास्ते पाकिस्तान भेजा जाएगा।
34 दीर्घकालिक वीजा धारक भी रडार पर
बरेली पुलिस और एलआईयू की जांच में सामने आया कि जिले में कुल 35 पाकिस्तानी नागरिक रह रहे हैं, जिनमें से 34 के पास दीर्घकालिक वीजा है। अब इन सभी के मामलों की समीक्षा कर इन्हें वापस भेजने की कार्रवाई की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि सभी पाकिस्तानी नागरिकों की गतिविधियों और दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है, और केंद्र सरकार के निर्देशों के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।