टिम सिफर्ट और फिन एलेन ने बल्ले से मचाया तांडव, यूएई पर न्यूजीलैंड की 10 विकेट से जीत 

न्यूजीलैंड ने यूएई के खिलाफ टी20 विश्व कप में 174 रनों के लक्ष्य को बिना विकेट खोए चेज कर दिया। टिम सेफर्ड ने 89 और फिन एलेन ने 84 रन बनाए।  

Feb 10, 2026 - 18:54
 0
टिम सिफर्ट और फिन एलेन ने बल्ले से मचाया तांडव, यूएई पर न्यूजीलैंड की 10 विकेट से जीत 


चेन्नई। टी20 विश्व कप 2026 में न्यूजीलैंड ने लगातार दूसरी जीत हासिल कर ली है। ग्रुप डी के मुकाबले में न्यूजीलैंड ने यूएई के खिलाफ 10 विकेट की एकतरफा जीत हासिल की। टूर्नामेंट के यूएई ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट के नुकसान पर 173 रन बनाए हैं। न्यूजीलैंड के लिए सलामी बल्लेबाज टिम सिफर्ट और फिन एलेन ने विस्फोटक खेल दिखाया। 16वें ओवर में न्यूजीलैंड ने मैच को जीत लिया। यह टी20 विश्व कप क्रिकेट इतिहास में बिना विकेट खोए सबसे बड़ा रनचेज है।

यूएई की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। 12 के स्कोर पर आर्यांश शर्मा का विकेट गिर गया। आर्यांश 8 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद कप्तान मुहम्मद वसीम और आलिशान सराफू ने पारी को संभाला और दूसरे विकेट के लिए 107 रन की मजबूत साझेदारी की। सराफू 47 गेंद पर 2 छक्कों और 5 चौकों की मदद से 55 रन की पारी खेलकर आउट हुए।  

इसके बाद मयंक कुमार के साथ कप्तान वसीम ने चौथे विकेट के लिए 40 रन की साझेदारी की। मयंक 12 गेंद पर 1 छक्का और 2 चौके की मदद से 21 रन बनाकर आउट हुए। वसीम अंत तक नाबाद रहे। उन्होंने 45 गेंद पर 3 छक्कों और 4 चौकों की मदद से 66 रन की पारी खेली। न्यूजीलैंड के लिए मैट हेनरी ने 4 ओवर में 37 रन देकर 2 विकेट लिए। जैकब डफी, लॉकी फर्ग्यूसन, मिशेल सेंटनर और ग्लेन फिलिप्स को 1-1 विकेट मिला।

न्यूजीलैंड के लिए सलामी बल्लेबाज टिम सिफर्ट और फिन एलेन ने शुरुआत तीन ओवर में सिर्फ 22 रन बनाए थे। लेकिन चौथे ओवर में जुनैद सिद्दीकी के खिलाफ दोनों ने 22 रन बटोरे। यहां से कीवी ओपनर्स ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। सिफर्ट ने 23 तो एलेन ने 27 गेंदों पर अपनी फिफ्टी पूरी की। 42 गेंद पर टिम सिफर्ट ने 12 चौके और 3 छक्कों की मदद से 89 रन बनाए। 5 छक्के और 5 चौके से एलेन ने 50 गेंदों पर 84 रन ठोके।