ताजमहल पर पर्यटक का गुम बैग बरामद, महिला आरक्षी की नजर पड़ी तो बचा पूरा सामान

ताजमहल घूमने आए दिल्ली के रोहिणी निवासी अमित का पश्चिमी प्रवेश द्वार के पास करीब 1.65 लाख रुपये कीमत का बैग छूट गया था। महिला आरक्षी सुलेखा ने लावारिस बैग बरामद कर सुरक्षित रखा। सीसीटीवी, रेडियो अनाउंसमेंट और आरटी सेट की मदद से पर्यटक की तलाश कर ताज सुरक्षा पुलिस की क्यूआरटी ने पूरा सामान अमित को लौटा दिया।

Sep 14, 2026 - 14:44
 0
ताजमहल पर पर्यटक का गुम बैग बरामद, महिला आरक्षी की नजर पड़ी तो बचा पूरा सामान
पर्यटक को बैग लौटाते पुलिसकर्मी।

आगरा। ताजमहल घूमने पहुंचे दिल्ली के पर्यटक का करीब 1.65 लाख रुपये कीमत का सामान उस समय गुम हो गया, जब वह पश्चिमी प्रवेश द्वार के पास अपना क्रीम रंग का बैग छोड़कर आगे निकल गए। बैग में महंगा आई फोन , टाइटन की घड़ी, चांदी की पायल और नकदी समेत अन्य सामान रखा था। लावारिस बैग पर महिला आरक्षी सुलेखा की नजर पड़ी तो उन्होंने तत्काल उसे सुरक्षित कब्जे में ले लिया। इसके बाद ताज सुरक्षा पुलिस की क्विक रिस्पॉन्स टीम ने सीसीटीवी कैमरों, रेडियो अनाउंसमेंट और आरटी सेट के जरिए बैग के मालिक की तलाश शुरू की।

जानकारी के मुताबिक दिल्ली के रोहिणी निवासी अमित अपनी पत्नी विधि के साथ ताजमहल घूमने आए थे। ताजमहल के पश्चिमी प्रवेश द्वार के आसपास भ्रमण के दौरान उनका क्रीम रंग का बैग छूट गया। पर्यटकों को इसकी जानकारी कुछ देर बाद हुई तो उन्होंने अपने स्तर से बैग तलाशने की कोशिश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।

इसी बीच पश्चिमी प्रवेश द्वार के पास ड्यूटी कर रहीं महिला आरक्षी सुलेखा की नजर लावारिस पड़े बैग पर पड़ी। उन्होंने आसपास पूछताछ करने के साथ ही बैग को सुरक्षित कब्जे में लिया और इसकी सूचना ताज सुरक्षा पुलिस को दी। बैग की जांच करने पर उसमें आई फोन, टाइटन की घड़ी, चांदी की पायल और नकदी समेत करीब 1.65 लाख रुपये का सामान मिला।

बैग के मालिक की तलाश के लिए ताज सुरक्षा पुलिस की क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) सक्रिय हो गई। टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही रेडियो अनाउंसमेंट और आरटी सेट के माध्यम से ताजमहल परिसर तथा प्रवेश क्षेत्रों में सूचना प्रसारित कराई गई, ताकि सामान के मालिक तक जल्द पहुंचा जा सके।

लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने पर्यटक अमित से संपर्क किया और उन्हें बैग बरामद होने की जानकारी दी। इसके बाद अमित ताज सुरक्षा पुलिस के पास पहुंचे। आवश्यक सत्यापन के बाद पुलिस ने बैग में मौजूद पूरा सामान सुरक्षित हालत में अमित को वापस सौंप दिया।

महंगा मोबाइल, घड़ी, चांदी की पायल और नकदी समेत पूरा सामान वापस मिलने पर अमित और उनकी पत्नी विधि ने ताज सुरक्षा पुलिस की तत्परता की सराहना की। पर्यटकों ने महिला आरक्षी सुलेखा और क्विक रिस्पॉन्स टीम का आभार जताते हुए आगरा पुलिस की कार्यशैली की प्रशंसा की। ताजमहल जैसे विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पर पर्यटक का कीमती सामान सुरक्षित बरामद कर उसे वापस लौटाने की इस कार्रवाई ने सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ पुलिसकर्मियों की सतर्कता को भी सामने रखा है।