बाराबंकी में बस पर पेड़ गिरा, छह लोगों की मौत

बाराबंकी। यूपी के बाराबंकी में शुक्रवार को रोडवेज बस पर विशालकाय पेड़ गिरने से चालक समेत छह सवारियों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में कई लोगों के घायल होने की भी खबर है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर घटना पर दुख जताया है। मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक मदद का ऐलान किया गया है।

Aug 8, 2025 - 16:06
 0
बाराबंकी में बस पर पेड़ गिरा, छह लोगों की मौत


 
मामला हरख चौराहे के राजा बाजार क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब भारी बारिश के बीच एक रोडवेज बस बाराबंकी से हैदरगढ़ जा रही थी। बारिश के कारण पेड़ की जड़ें कमजोर हो गईं, जिससे वह अचानक बस पर गिर पड़ा। पेड़ के गिरने से बस की छत पूरी तरह चकनाचूर हो गई और कई यात्री उसके नीचे दब गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। उन्होंने बस में फंसे घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि, इस हादसे में चालक सहित चार यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

इस बीच, घटनास्थल से जुड़ा एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें बस के अंदर कुछ लोग फंसे हुए नजर आ रहे हैं। वहीं, बाराबंकी से कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया ने इस हादसे पर दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "बाराबंकी के ब्लॉक हरख में राजा बाजार के पास तेज बारिश के कारण बस पर पेड़ गिरने से कई यात्रियों की दुखद मृत्यु एवं गंभीर रूप से घायल होने का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने की तथा घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और राहत कार्य जारी है। साथ ही प्रशासन ने लोगों से भारी बारिश के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है। बाराबंकी में गुरुवार देर रात से भारी बारिश हो रही है, जिसके कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

हादसा बाराबंकी के ब्लॉक हरख में राजा बाज़ार के पास हुआ है। जानकारी के मुताबिक, तेज़ बारिश के कारण बस पर पेड़ गिर गया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाराबंकी जिले में हुई सड़क दुर्घटना का संज्ञान लिया और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। सीएम ने प्रत्येक मृतक के परिजनों के लिए 5-5 लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की और अधिकारियों को घायलों का शीघ्र उचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।