बिना प्रचार के एकलव्य स्टेडियम में शुरू हुआ प्रदेशीय बालिका फुटबॉल टीम का ट्रायल, आगरा में लगेगा कैंप
आगरा। उत्तर प्रदेश की सब-जूनियर बालिका फुटबॉल टीम का चयन ट्रायल शुक्रवार से ताजनगरी के एकलव्य स्टेडियम में शुरू हो गया है। यह ट्रायल तीन दिन (26 से 28 जुलाई) तक चलेंगे। ट्रायल के बाद चयनित बालिका खिलाड़ियों के लिये 29 जुलाई से 15 दिवसीय प्रदेशीय कैंप भी आगरा में ही आयोजित किया जाएगा।
मीडिया और खिलाड़ियों को नहीं दी गई पूर्व सूचना
इस पूरे आयोजन की खास बात यह रही कि खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश द्वारा प्रायोजित इस ट्रायल की पूर्व सूचना न तो किसी स्थानीय समाचार पत्र को दी गई और न ही सोशल मीडिया पर साझा की गई। खिलाड़ियों को पहले से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करना अनिवार्य था, परंतु जानकारी के अभाव में कई स्थानीय खिलाड़ी इससे वंचित रह गईं। मीडिया को भी आयोजन की जानकारी तब मिली जब बाहर से आई खिलाड़ी स्टेडियम में पहुंचने लगीं।
चयन समिति में शामिल हुए विभिन्न जिलों से आए सलेक्टर
खिलाड़ियों के चयन के लिए गठित समिति में विभाग की ओर से श्रीमती पूजा भट्ट, मिर्जापुर से फुटबॉल सचिव आरिफ नजमी और कानपुर से अजित सिंह को सलेक्टर नामित किया गया है। आगरा से स्थानीय फुटबॉल सचिव बिल्लू चौहान भी सलेक्टर के रूप में उपस्थित हैं। तीनों दिन चयन प्रक्रिया इनकी निगरानी में चलेगी।
29 जुलाई से शुरू होगा कैंप, खिलाड़ियों को मुफ्त निवास और भोजन
ट्रायल समाप्त होने के बाद चयनित खिलाड़ियों का कैंप एकलव्य स्टेडियम में 29 जुलाई से प्रारंभ होगा। खिलाड़ियों के ठहरने और खाने की संपूर्ण व्यवस्था खेल निदेशालय द्वारा की जाएगी। यह कैंप पूरी तरह से नि:शुल्क होगा और खिलाड़ियों को अनुशासित वातावरण में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
श्रद्धा सोनकर होंगी हेड कोच, रवि पूनिया देंगे प्रशिक्षण
15 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के लिए बाराबंकी से श्रद्धा सोनकर को हेड कोच के रूप में नियुक्त किया गया है, जो 29 जुलाई को आगरा पहुंचेंगी। इनके साथ एसोसिएशन की ओर से रवि पूनिया सहायक प्रशिक्षक की भूमिका निभाएंगे। दोनों प्रशिक्षक खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करेंगे।
12 अगस्त को छत्तीसगढ़ रवाना होगी प्रदेशीय टीम
15 दिनों के गहन अभ्यास और फिटनेस ट्रेनिंग के बाद, उत्तर प्रदेश की सब-जूनियर बालिका फुटबॉल टीम 12 अगस्त को छत्तीसगढ़ के लिए रवाना होगी, जहां राष्ट्रीय सब-जूनियर फुटबॉल चैंपियनशिप आयोजित की जाएगी। यह प्रतियोगिता देश भर की बालिका टीमों के बीच होगी, जिसमें यूपी टीम की भागीदारी आगरा से चयनित खिलाड़ियों के दम पर होगी।