कांवड़ यात्रा में भी नहीं थमेंगी चीनी की गाड़ियां, बरेली में आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई को डायवर्जन से छूट

-आरके सिंह- बरेली। कांवड़ यात्रा के दौरान ट्रैफिक डायवर्जन के बावजूद चीनी, गैस और पेट्रोल-डीजल जैसे आवश्यक वस्तुओं से लदे वाहनों की आवाजाही बाधित नहीं होगी। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने स्पष्ट किया कि इन वाहनों को रास्ते में नहीं रोका जाएगा और चीनी से लदी गाड़ियों को भी थोक विक्रेताओं के गोदाम तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने चीनी की उपलब्धता और बढ़ते दामों को लेकर थोक विक्रेताओं को निर्धारित सीमा से अधिक स्टॉक नहीं रखने तथा बिक्री का पूरा रिकॉर्ड दर्ज करने के निर्देश दिए।

Aug 22, 2026 - 18:53
 0
कांवड़ यात्रा में भी नहीं थमेंगी चीनी की गाड़ियां, बरेली में आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई को डायवर्जन से छूट
कलेक्ट्रेट सभागार में चीनी की उपलब्धता और बढ़ते दामों को लेकर आयोजित बैठक में अधिकारियों और थोक चीनी विक्रेताओं के साथ जानकारी लेते जिलाधिकारी अविनाश सिंह।

कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में जनपद में चीनी की पर्याप्त उपलब्धता और बढ़ते दामों के संबंध में बैठक हुई। बैठक में फरीदपुर चीनी मिल के महाप्रबंधक ने बताया कि 21 अगस्त को मिल के स्टॉक में कुल 56,330 कुंतल चीनी उपलब्ध थी। इसी उपलब्धता के आधार पर 21 अगस्त को 800 कुंतल चीनी की थोक बिक्री 6,000 रुपये प्रति कुंतल की दर से थोक व्यापारियों को की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने थोक चीनी विक्रेताओं से स्टॉक की स्थिति और बढ़े हुए दामों के कारणों की जानकारी ली। विक्रेताओं ने बताया कि श्रावण मास में कांवड़ यात्रा के चलते गुरुवार से चीनी से लदी गाड़ियों को शहर में स्थित दुकानों और गोदामों तक पहुंचने में परेशानी हो रही है। इसके कारण कई दिन से चीनी से भरे वाहन निर्धारित स्थानों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं।

इस पर जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में आवश्यक वस्तुओं, गैस तथा पेट्रोल-डीजल से भरे टैंकरों को निर्धारित स्थलों तक पहुंचने में कोई रुकावट नहीं हो रही है। इसी तरह चीनी से लदे वाहनों की आवाजाही भी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति प्रभावित न होने देने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने थोक चीनी विक्रेताओं को भारत सरकार की गाइडलाइन और शासनादेश के अनुसार अधिकतम 400 मीट्रिक टन चीनी का ही स्टॉक रखने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि जांच के दौरान निर्धारित सीमा से अधिक स्टॉक मिलने या शासनादेश का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने थोक विक्रेताओं से यह भी कहा कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए नियमित व्यापारियों को उनकी पूर्व मांग से अधिक मात्रा में चीनी उपलब्ध न कराई जाए। जिस व्यापारी को जितनी मात्रा में चीनी दी जाए, उसका विवरण रजिस्टर में अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए, ताकि स्टॉक और वितरण की स्थिति स्पष्ट बनी रहे।

बैठक में थोक चीनी विक्रेताओं ने जिलाधिकारी को बताया कि जनपद में चीनी के स्टॉक की कोई कमी नहीं है। उन्होंने चीनी के थोक और खुदरा मूल्य की वर्तमान स्थिति की भी जानकारी दी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) संतोष कुमार सिंह, सहायक चीनी आयुक्त नेहा त्रिवेदी, जिला पूर्ति अधिकारी मनीष कुमार सिंह, जिला गन्ना अधिकारी डीके सैन, जिला खाद्य विपणन अधिकारी अतुल वशिष्ठ, समस्त क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी, पूर्ति निरीक्षक, क्षेत्रीय विपणन अधिकारी, विपणन निरीक्षक तथा चीनी के थोक विक्रेता मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor