ट्रंप ने अब मध्यम और भारी ट्रकों के आयात पर लगाया 25 प्रतिशत टैरिफ
वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को ऐलान किया कि 1 नवंबर 2025 से अमेरिका में आयात होने वाले सभी मध्यम और भारी ट्रकों पर 25% आयात शुल्क (टैरिफ) लगाया जाएगा। यह कदम अमेरिकी ट्रक निर्माताओं को विदेशी प्रतिस्पर्धा से बचाने के लिए उठाया गया है।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा, “1 नवंबर 2025 से अन्य देशों से आने वाले सभी मीडियम और हेवी ड्यूटी ट्रकों पर 25% टैरिफ लगाया जाएगा।” ट्रंप ने कहा कि यह फैसला अनुचित विदेशी प्रतिस्पर्धा से अमेरिकी कंपनियों और कामगारों की रक्षा करने के लिए लिया गया है। उन्होंने कहा, “हम अपने उद्योगों को विदेशी डंपिंग और गलत व्यापार नीतियों से नुकसान नहीं पहुंचने देंगे।”
इस फैसले का असर कई देशों पर पड़ेगा जिनमें मेक्सिको, कनाडा, जापान, जर्मनी और फिनलैंड प्रमुख हैं। मेक्सिको अमेरिका को सबसे ज़्यादा मीडियम और हेवी ट्रक निर्यात करता है। 2019 से अब तक मेक्सिको की ट्रक एक्सपोर्ट तीन गुना बढ़कर करीब 3.4 लाख यूनिट हो चुकी है।
अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा के बीच बने यूएसएमसीए समझौते के तहत अभी तक ट्रक बिना किसी शुल्क के आयात किए जा सकते हैं, बशर्ते कि उनकी 64% वैल्यू नॉर्थ अमेरिका से आती हो। नया टैरिफ इस व्यवस्था को प्रभावित कर सकता है।
स्टेलांटिस (जो ‘Ram’ ब्रांड के ट्रक और वैन बनाती है) को अब मैक्सिको में बने ट्रकों पर ज़्यादा लागत झेलनी पड़ सकती है। वोल्वो ग्रुप स्वीडन की कंपनी है जो मैक्सिको के मोंटेरे में 700 मिलियन डॉलर का नया ट्रक प्लांट बना रही है, जो 2026 में चालू होने की उम्मीद है। नए टैरिफ से इस निवेश पर भी असर पड़ सकता है।
पिछले महीने ट्रंप ने कहा था कि यह टैरिफ 1 अक्टूबर से लागू हो सकता है, लेकिन अब इसकी तारीख बढ़ाकर 1 नवंबर 2025 कर दी गई है।
वर्तमान में अमेरिका, जापान और यूरोपीय संघ के साथ हुए व्यापार समझौतों के तहत लाइट वाहनों पर 15% टैरिफ लगाता है, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि नया नियम बड़े वाहनों पर कैसे लागू होगा।